रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम नगर निगम के राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर प्रहलाद पटेल ने बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि तय स्थानों पर 5×5 फीट क्षेत्र में ठेला लगाकर सब्जी, फल-फ्रूट, चाट आदि का व्यवसाय करने वालों से आगामी आदेश तक कोई शुल्क या राशि वसूली नहीं की जाएगी। साथ ही तय स्थानों से बाहर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अब रतलाम निगम द्वारा स्पॉट फाइन की सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे अतिक्रमण कर्ताओं पर अंकुश लगेगा और यातयात व्यवस्था में बेहतर सुधार होगा।
बुधवार को महापौर पटेल ने निगम आयुक्त अनिल भाना, नेता पक्ष एवं जलकार्य तथा सीवरेज समिति प्रभारी भगतसिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर तथा नागरिकों के हित में चल रहे कार्यों को तीव्र गति से पूरा किया जाए। महापौर ने निर्देशित किया कि सेजावता रोड, डोसीगांव, करमदी रोड, उज्जैन रोड, प्रतापनगर और नवीन कलेक्टोरेट मार्ग पर नगर में प्रवेश करने वाले नागरिकों के स्वागत हेतु “रतलाम स्वर्ण नगरी में आपका स्वागत है” शीर्षक से आकर्षक प्रवेश द्वार बनाए जाएं।
राजस्व के लिए बढ़ाई जाए जलकर वसूली
बैठक में अमृत 2.0 परियोजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई। महापौर ने पंप, पेयजल टंकियों और जल वितरण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निगम के राजस्व में वृद्धि के लिए जलकर वसूली बढ़ाई जाए तथा अवैध नल संयोजनों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही नल कनेक्शन देने के बाद तुरंत सड़क मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग को दिए स्पष्ट निर्देश
महापौर पटेल ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि गंगा सागर रीजनल पार्क निर्माण की निविदा शीघ्र जारी की जाए। साथ ही बाजना बस स्टैंड पर नवीन प्याउ निर्माण और शहर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में निगम अधिकारी महेश सिरोहिया, सुहास पंडित, बीएल चौधरी, विनोद पाटीदार, दीक्षा निजामपुरकर, ब्रजेश कुशवाह, अनमोल निर्मल उपस्थित रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


