

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) शहर में लंबे अरसे से हरे भरे पेड़ों पर बेखौफ आरी चलाकर रंगदारी दिखाने वाला आरोपी अफजल कप्तान और उसकी पत्नी के खिलाफ एफआईआर का मामला सामने आया है। रतलाम के रत्नेश्वर रोड पर बिना अनुमति पेड़ काटने के एक मामले में नगर निगम की कार्रवाई के दौरान विवाद हुआ। पेड़ काटने की मशीन जब्त किए जाने से नाराज अफजल कप्तान और उसकी पत्नी पर नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अभद्रता, अश्लील गाली-गलौज, शासकीय कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। मामले में नगर निगम उद्यान विभाग की शिकायत पर रतलाम स्टेशन रोड थाना पुलिस ने आरोपी दंपती के विरुद्ध FIR दर्ज की है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को नगर निगम के उद्यान विभाग को दूरभाष पर सूचना मिली थी कि रत्नेश्वर रोड पर कुछ लोग बिना अनुमति के पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। सूचना मिलने पर उद्यान पर्यवेक्षक अनिल धाकड़ ने अधीनस्थ कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने पेड़ काट रहे लोगों से अनुमति के संबंध में पूछताछ की तो उन्होंने अफजल कप्तान के कहने पर पेड़ काटना बताया। इस पर नगर निगम की टीम ने पेड़ काटने में इस्तेमाल की जा रही मशीन जब्त कर ली।

जोन कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से की अभद्रता
मशीन जब्त किए जाने से नाराज होकर शाम करीब 4:30 बजे अफजल कप्तान अपनी पत्नी के साथ कालिका माता उद्यान स्थित जोन कार्यालय पहुंचा। यहां उद्यान प्रभारी अधिकारी अनिल पारा और उद्यान पर्यवेक्षक अनिल धाकड़ के साथ कथित रूप से अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए मशीन जब्त करने पर विवाद किया। शिकायत के अनुसार, अधिकारियों द्वारा मशीन रत्नेश्वर रोड पर ही रखे जाने और वहां कार्रवाई जारी होने की जानकारी देने पर अफजल कप्तान ने धारदार हथियार दिखाकर दोनों अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी।
मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से भी की गाली-गलौज
इसके बाद अफजल कप्तान और उसकी पत्नी रत्नेश्वर रोड स्थित भोलेनाथ मंदिर के पास खाली स्थान पर पहुंचे, जहां नगर निगम के कर्मचारी मनोहर पिता नंदलाल माली (हेड माली), नारायणसिंह गेहलोत (हेड माली), जितेंद्र माली और पुष्कर सालवी मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने वहां भी कर्मचारियों के साथ अश्लील गाली-गलौज की और पेड़ काटने की मशीन सहित काटी गई लकड़ियों को जब्त करने की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की। शिकायत के मुताबिक, अफजल कप्तान और उसकी पत्नी जबरन मशीन अपने साथ ले जाने लगे। जाते समय उन्होंने कर्मचारियों को धमकी दी कि यदि लकड़ियां जब्त की गईं तो सभी को जान से खत्म कर देंगे। नगर निगम के उद्यान विभाग की ओर से पूरे घटनाक्रम की शिकायत थाना स्टेशन रोड पर दर्ज कराई गई। पुलिस ने अफजल कप्तान और उसकी पत्नी के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों में FIR दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



