रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
रतलाम नगर निगम के कचरा वाहन से एक बार फिर विरियाखेड़ी में दुर्घटना हो गई। हादसे में 12 वर्षीय बालक घायल हो गया। घायल बालक को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। लगातार दूसरी घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश पनप गया। मौके से ड्राइवर वाहन छोडक़र फरार हो गया।
औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत विरियाखेड़ी क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे नगर निगम के कचरा वाहन ने अलीराजा पिता चांद मोहम्मद (12) को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक वाहन को तेज रफ्तार से चला रहा था। अलीराजा क्षेत्र स्थित घर से किराने की दुकान पर सामान लेकर वापस लौट रहा था। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना के बाद पूर्व की तरह इस बार भी चालक वाहन छोडक़र भाग गया। रहवासियों का आरोप है कि नगर निगम के वाहन चालक नशा करके वाहन चलाते हैं और आए दिन राहगीरों से विवाद भी करते हैं। बता दें कि पूर्व में विरियाखेड़ी क्षेत्र में निगम के कचरा वाहन की टक्कर से छात्रा को मौत हो गई थी। इसके बाद क्षेत्र में काफी हंगामा भी निर्मित हुआ था। पुलिस को बड़ी मुश्किल से हालात पर काबू पाना पड़ा था।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


