
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) शहर के कोठारी वास क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निर्माणाधीन मकान के पास स्थित एक पुराने दो मंजिला मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में पास में काम कर रहा एक मजदूर मलबे में दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा दोपहर करीब 3.45 बजे हुआ। दीवार गिरते ही आसपास मौजूद लोग और राहगीर मौके पर मदद के लिए दौड़े। काफी प्रयास के बाद मजदूर को मलबे से बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज (Ratlam Medical College) ले जाया गया। रतलाम मेडिकल कॉलेज (Ratlam Medical College) में प्राथमिक उपचार के बाद घायल मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया।
घटना के दौरान नहीं था मौके पर ठेकेदार
निर्माणाधीन मकान तरुण पिता मनोहरलाल जैन निवासी रतलाम (Ratlam) (हाल मुकाम जखनावदा, झाबुआ) का बताया गया है। वहीं, जिस दो मंजिला मकान की दीवार गिरी, वह जितेंद्र ओझा निवासी रतलाम (Ratlam) का पुराना और खाली मकान था, जिसकी हालत पहले से ही जर्जर बताई जा रही है। मकान निर्माण का कार्य ठेकेदार विजय कुमावत द्वारा कराया जा रहा था। घटना के समय मकान मालिक और ठेकेदार दोनों ही मौके पर मौजूद नहीं थे।
चौकीदार की पत्नी और बच्ची को भी आई चोट
घटना के वक्त निर्माणाधीन मकान के पास चौकीदार की पत्नी सोनू और उसकी 8 वर्षीय भतीजी अनन्या पिता जितेंद्र पांचाल भी मौजूद थीं। हालांकि वे कुछ दूरी पर थीं, फिर भी दीवार गिरने से उन्हें पैर में हल्की चोट आई। दोनों का Ratlam जिला अस्पताल में इलाज कर छुट्टी दे दी गई।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही रतलाम नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल की स्थिति जानने के लिए रतलाम शहर एसडीएम (Ratlam City SDM) आर्ची हरित, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
सात बच्चों का पिता है घायल मजदूर
घायल मजदूर की पहचान दिनेश (30) पिता मांगू मईड़ा निवासी पलसोड़ी के रूप में हुई है। जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी गांव से रतलाम मेडिकल कॉलेज (Ratlam Medical College) पहुंचे। उसकी बहन पूजा ने बताया कि दिनेश शादीशुदा है और उसके सात बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा पिंटू है, जबकि सबसे छोटी बेटी महज दो साल की है।
जांच के बाद होगी जिम्मेदारों पर कार्रवाई
रतलाम शहर एसडीएम आर्ची हरित ने बताया कि हादसा पड़ोस के जर्जर मकान की दीवार गिरने से हुआ है। रतला नगर निगम से जर्जर और निर्माणाधीन भवन की स्थिति की जानकारी ली जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


