– दोनों मृतक रतलाम जिले के ग्राम बरखेड़ा निवासी, दो दिन से लापता
मंदसौर/रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के ग्राम कचनारा में महू-नीमच राजमार्ग पर सरसौद फंटे पर रेलवे ट्रैक के पास युवक और युवती के शव मिले हैं। मृतक युवक-युवती रतलाम जिले के ग्राम बरखेड़ा के रहने वाले थे। मृतकों के मोबाइल पर परिजन के कॉल आने से दोनों की पहचान हुई। अब तक की जानकारी के मुताबिक, दलौदा थाना क्षेत्र में स्थित सरसौद फंटे पर सुबह लगभग 11 बजे युवती का शव पेड़ पर लटका मिला, जबकि युवक का शव जमीन पर पड़ा मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
मंदसौर ग्रामीण एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि प्राथमिक जांच में आत्महत्या का मामला लग रहा है। मृतक युवक रतलाम जिले के ग्राम बरखेड़ा निवासी धनजी (19) पिता रामचंद्र डावर है। युवती की पहचान केला बाई (20) पिता शंभू डाबी के रूप में हुई है। दोनों दो दिन से अपने-अपने घर से लापता थे। घटनास्थल पर मिले मोबाइल पर आ रहे कॉल से दोनों मृतकों के परिवारों की जानकारी मिली। युवक-युवती दो दिनों से लापता थे और उनके परिजन तलाश कर रहे थे। पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल के मार्चुरी कक्ष में रखवाया है। प्रारंभिक जांच में यह प्रेम प्रसंग का मामला माना जा रहा है। दलौदा थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


