
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के एक मामले में रतलाम (Ratlam) के CGST (सेंट्रल गुड्स एंड सर्विस टैक्स) कार्यालय में पदस्थ असिस्टेंट कमिश्नर शंकर परमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। CBI ने इस मामले में एक निजी व्यक्ति सुरेश मनसुखानी को भी आरोपी बनाया है, जो कथित तौर पर बिचौलिए की भूमिका निभा रहा था।

CBI की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB), भोपाल ने इस मामले में 31 मार्च 2026 को नियमित मामला (RC) दर्ज किया। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 (संशोधित 2018) के तहत दर्ज किया गया है।
शिकायत के बाद हुई जांच
CBI को 30 जनवरी 2026 को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि CGST रतलाम (Ratlam) के अधिकारी शिकायतकर्ता की फर्म के खिलाफ GST की कार्रवाई शुरू न करने के बदले में अवैध रिश्वत की मांग कर रहे थे। CBI ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें सामने आया कि असिस्टेंट कमिश्नर शंकर परमार ने एक निजी व्यक्ति के माध्यम से 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
CBI ने जाल बिछाकर पकड़ा
आरोपों की पुष्टि होने के बाद CBI ने ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई। इसके तहत बिचौलिए सुरेश मनसुखानी के माध्यम से 1.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते समय शंकर परमार को CGST कार्यालय, रतलाम से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी और जांच जारी
CBI की टीम आरोपियों के परिसरों पर तलाशी अभियान चला रही है। साथ ही इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। CBI अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


