– मुख्यमंत्री के दौरे पर भारी मात्रा में था बल तैनात फिर भी बेखौफ वारदात
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम में इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। गुरुवार रात चोरों ने दो पॉश कॉलोनियों राजबाग और शुभविहार में दो सूने घरों को निशाना बनाकर लगभग 80 लाख रुपए का माल उड़ा लिया। चोरों ने जहां एक घर से 450 ग्राम सोना, साढ़े तीन किलो चांदी और नकदी चुरा ली, वहीं दूसरे घर से 20 लाख रुपए से ज्यादा का माल गायब कर दिया।
गौर करने वाली बात यह है कि वारदात के समय दोनों घर सूने थे और पुलिस की तैनाती भी शहर में भारी मात्रा में थी, क्योंकि अगले दिन मुख्यमंत्री का दौरा था। इसके बावजूद चोरों ने निडर होकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का मानना है कि चोरी से पहले सटीक रैकी की गई थी। कांडरवासा और रानीसिंग जैसे ग्रामीण इलाकों के बाद अब चोरों ने शहर की पॉश कॉलोनियों का रूख कर लिया है। लगातार हो रही चोरी की घटनाएं पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि दो टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
केस – 1
राजबाग कॉलोनी : ब्यूटी पार्लर संचालिका के घर से 60 लाख की चोरी
अष्टविनायक, राजबाग कॉलोनी निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका संगीता भाटिया के घर के मेनगेट का नकूचा तोड़कर चोर अंदर घुसे। उन्होंने चार आलमारियों के लॉक तोड़कर 450 ग्राम सोने के गहने, साढ़े तीन किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपए नकद चुरा लिए। अंदाज़न सोने की कीमत 54 लाख रुपए और चांदी की 5 लाख रुपए से अधिक आंकी जा रही है। इस तरह कुल चोरी 60 लाख रुपए से अधिक की बताई जा रही है। भाटिया ने बताया कि वह गुरुवार की रात अपने ब्यूटी पार्लर (किरण टॉकीज के पास) पर काम के कारण रुक गई थीं। उनकी बेटी जब शुक्रवार शाम घर लौटी तो मेनगेट टूटा मिला।
घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में चोर रात 1:42 बजे से 3:15 बजे तक घर में दिखे। चोरों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत होती है और उनके चेहरे पर कपड़ा बंधा था। पुलिस ने फुटेज और पुरानी मेडों पर शक के आधार पर जांच शुरू की है।
टीआई गायत्री सोनी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है, और पुराने कर्मचारियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
केस – 2
शुभविहार कॉलोनी : साड़ी व्यापारी के घर से 20 लाख की चोरीशुभविहार कॉलोनी निवासी साड़ी व्यापारी चांदमल जैन के घर में भी गुरुवार रात चोरी हुई। पूरा परिवार रात 8:45 बजे से 10:45 बजे के बीच बाहर गया था, और इन्हीं दो घंटों में चोरों ने घर में घुसकर 20 लाख रुपए से अधिक के गहने और नकदी पार कर दिए। चोरों ने दो आलमारियों से 160 ग्राम सोना, आधा किलो चांदी और 40 हजार रुपए नकद चोरी किए। चोरी में सोने के बिस्किट, चेन, पेंडल सेट, अंगूठियां और चांदी के सिक्के शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट लिए गए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
हालांकि व्यापारी जैन का कहना है कि पुलिस डॉग स्क्वॉड लेकर मौके पर नहीं आई, जिससे शुरुआती जांच कमजोर रही। जैन ने बताया कि घर के पीछे एक मकान निर्माणाधीन है। चोर उसी से होकर छत पर चढ़े और वहां से उनके घर की छत पर पहुंचे। उन्होंने टॉवर का दरवाजा सब्बल से तोड़कर भीतर प्रवेश किया और केवल पहली मंजिल के कमरों को निशाना बनाया।
घटना से साफ है कि चोरों ने पहले से घर की रैकी (निगरानी) कर रखी थी।


