
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) स्थित कस्तूरबा नगर क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने गुरुवार को एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया। बाइक पर सवार एक बुजुर्ग अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि समय रहते उन्होंने हाथ से डोर हटाकर अपनी जान बचा ली, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घायल बुजुर्ग की पहचान इंद्र शर्मा (60 वर्ष) पिता जमुनालाल, निवासी नेमीनाथ विहार कॉलोनी के रूप में हुई है। घटना के समय वे राम मंदिर क्षेत्र से कस्तूरबा नगर मेन रोड होते हुए अपनी फर्नीचर की दुकान जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उड़ती हुई चाइनीज मांझे की डोर उनके गले में आ फंसी। इंद्र शर्मा ने बताया कि जैसे ही डोर गले में फंसी, उन्होंने तुरंत अपने दाहिने हाथ से उसे हटाने का प्रयास किया। इससे उनका गला तो बच गया, लेकिन मांझे की धार से अंगूठे, नाक, गाल और आंख के नीचे गंभीर कट लग गए। संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई और वे नीचे गिर पड़े।
नाक और आंख के नीचे आए टांके
घटना में इंद्र शर्मा के नाक और आंख के नीचे लगभग 2 सेंटीमीटर गहरे घाव हो गए, जहां 4 से 5 टांके लगाए गए हैं। उन्हें तत्काल राहगीरों और परिचितों की मदद से 80 फीट रोड स्थित रतलाम (Ratlam) के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हाथ से डोर न हटाता तो कट सकता था गला
घायल इंद्र शर्मा ने कहा कि अगर वे समय रहते डोर को हाथ से नहीं हटाते तो उनका गला कट सकता था और जान भी जा सकती थी। उन्होंने रतलाम (Ratlam) जिला और पुलिस प्रशासन से चाइनीज मांझे पर सख्त कार्रवाई और प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
प्रतिबंध के बावजूद बिक रहा चाइनीज मांझा
इस घटना ने एक बार फिर रतलाम (Ratlam) में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री और उपयोग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रतलाम (Ratlam) जिला और पुलिस प्रशासन सिर्फ मीडिया में जारी बयानों पर पाबंदी तक सीमित है जबकि आए दिन हो रही ऐसी घटनाएं आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


