
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में ढोढर चौकी पुलिस ने फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान 165 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक राजस्थान से ड्रग्स सप्लाई करने आया था, जबकि दूसरा बड़ावदा का युवक इसे खरीदने पहुंचा था। जब्त ड्रग्स की कीमत 16 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
रतलाम (Ratlam) जिले के एसपी अमित कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर ढोढर चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया था। टीम ने महू-नीमच हाईवे पर होटल गंगासागर के सामने नाकाबंदी की। इसी दौरान बाइक से पहुंचे आरोपी कारूलाल (25) पिता नंदा गणावा, निवासी डोरानाखेड़ा तहसील अरनोद जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान वहीं ड्रग्स खरीदने आए फरीद (35) पिता नियाज मोहम्मद हुसैन, निवासी मालीपुरा बड़ावदा को भी पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से 165 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
18 मार्च तक पुलिस रिमांड पर तस्कर

जांच अधिकारी एवं ढोढर चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी ने बताया कि दोनों आरोपियों को रविवार को जावरा कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 18 मार्च तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। इस कार्रवाई में टीआई आनंदसिंह आजाद और चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी के साथ प्रधान आरक्षक राहुल उपाध्याय, आरक्षक जितेंद्र व्यास, मुकेश गेहलोत, शोभाराम शर्मा, कृष्णपाल सिंह और नरेंद्र सिंह जगावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


