
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिला मुख्यालय में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई हुई है। मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1600 लीटर नकली घी जब्त किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रतलाम (Ratlam) के ग्लोबल सिटी स्थित एक मकान पर दबिश देकर यह घी बरामद किया। जब्त माल की कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। घी के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

रतलाम (Ratlam) में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि ग्लोबल सिटी क्षेत्र में नकली घी का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने विक्रांत त्यागी के मकान पर छापा मारा, जहां ‘महाकाल ट्रेडर्स’ नाम से व्यापार संचालित हो रहा था। जांच के दौरान दो अलग-अलग ब्रांड के घी के बड़ी मात्रा में पैकेट मिले।
प्रथम दृष्टया जब्त घी नकली और मिलावटी प्रतीत हो रहा है। टीम ने मौके पर पंचनामा बनाकर विभिन्न ब्रांड के नमूने अलग-अलग सीलबंद किए और उन्हें परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
उत्तर प्रदेश की कंपनियों के नाम पर सप्लाई

जांच में सामने आया कि जब्त नकली घी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पंजीकृत दो कंपनियों—‘मदर बेस्ट’ और ‘यूपी फ्रेश’—के नाम से बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार ‘यूपी फ्रेश’ के कुछ उत्पादों पर खाद्य पदार्थ का नाम तक अंकित नहीं था, जो नियमों का उल्लंघन है।
सस्ते दामों में हो रही थी बिक्री
‘मदर बेस्ट प्रीमियम देसी घी’ को 350 से 400 रुपए प्रति लीटर की दर से बेचा जा रहा था। 15 लीटर की पैकिंग 6000 रुपए में Ratlam के बाजार में उपलब्ध कराई जा रही थी। महाकाल ट्रेडर्स द्वारा इन उत्पादों की ट्रेडिंग और मार्केटिंग की जा रही थी और रतलाम सहित आसपास के क्षेत्रों की छोटी दुकानों पर सप्लाई की जा रही थी।
बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान विभिन्न पैकिंग में बड़ी मात्रा में घी जब्त किया गया। इसमें—
मदर बेस्ट कंपनी
1 लीटर की 11 पेटी (165 नग)
500 एमएल की 12 पेटी (360 नग)
1 लीटर जार की 3 पेटी (45 नग)
500 एमएल की 15 पेटी (450 नग)
15 लीटर टीन – 180 किलोग्राम
यूपी फ्रेश कंपनी
1 लीटर की 13 पेटी (195 नग)
500 एमएल की 14 पेटी (210 नग)
200 एमएल की 11 पेटी (825 नग)
15 किलोग्राम के 10 नग
करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई में सभी ब्रांड के नमूनों को अलग-अलग पैक कर सीलबंद किया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


