Ratlam : आतिशबाजी के साथ RCL-4 का भव्य आगाज़, हिंद टाइटंस ने 16 गेंदों में हासिल किया 62 रन का लक्ष्य

- 10 ओवर के रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, IPL की तर्ज पर खेली जा रही प्रतियोगिता

Grand Kick-off of RCL-4 in Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की स्मृति में पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी की प्रेरणा से आयोजित रतलाम (Ratlam) चैंपियन लीग (आरसीएल) सीजन-4 का शुभारंभ आतिशबाजी और उत्साहपूर्ण माहौल के साथ हुआ। यह टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता 26 मार्च से 11 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य रतलाम नगर की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

उद्घाटन समारोह में श्री कृष्णानंद जी महाराज (बगलामुखी खाचरोद पीठाधीश्वर), परम पूज्य शिवानंद गिरी जी महाराज, पंडित भारद्वाज जी, पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी, महापौर प्रह्लाद पटेल और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

संयोजक विकास कोठारी और यतेंद्र भारद्वाज तथा सचिव जयेश राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 14 टीमें भाग ले रही हैं और मैच आईपीएल (IPL) की तर्ज पर लीग फॉर्मेट में खेले जा रहे हैं। समिति द्वारा दर्शकों के लिए 1500 से अधिक लोगों की क्षमता वाला पवेलियन भी बनाया गया है।

खेल से युवाओं में अनुशासन और चरित्र निर्माण

मुख्य अतिथि श्री कृष्णानंद जी महाराज ने कहा कि खेल युवाओं को मैदान से जोड़ते हैं और जीवन में अनुशासन, चरित्र और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं। महापौर प्रह्लाद पटेल ने कहा कि खेल हमें टीम भावना और अनुशासित जीवन की प्रेरणा देते हैं, जिससे शारीरिक और मानसिक विकास होता है। वहीं पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने कहा कि स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे का सपना था कि युवा अधिक से अधिक खेल से जुड़ें। खेल से तनाव कम होता है, सकारात्मकता बढ़ती है और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

14 टीमों के साथ राष्ट्रगान, बैंड-बाजे के साथ मैदान में उतरे खिलाड़ी

मैच शुरू होने से पहले सभी 14 टीमों के खिलाड़ियों ने अतिथियों से परिचय प्राप्त किया और राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। शानदार आतिशबाजी के बीच खिलाड़ी बैंड-बाजे के साथ मैदान में उतरे, जिससे दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

पहले दिन खेले गए तीन मुकाबले

1) पहले मैच में हॉट रोड सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 5 विकेट पर 115 रन बनाए। जवाब में रेलवे रॉकेट की टीम 8 विकेट खोकर केवल 85 रन ही बना सकी और हॉट रोड सुपर किंग्स ने 30 रन से जीत दर्ज की। इस मैच में इम्तियाज हुसैन को मैन ऑफ द मैच और बेस्ट बल्लेबाज जबकि गौरव पाठक को बेस्ट बॉलर घोषित किया गया।

2) दूसरे मुकाबले में सूर्या वॉरियर्स ने हिंद टाइटंस को 38 रन से हराया। सूर्या वॉरियर्स के राजेश सोनकर ने 19 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेलते हुए मैन ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया।

3) तीसरे मैच में फाइनेंस सर्किल ने रोमांचक मुकाबले में पुलिस बॉयज डुग्गू को 5 विकेट से हराया। अक्षय चौधरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे दिन हिंद टाइटंस की रिकॉर्ड जीत

1) स्पर्धा के दूसरे दिन खेले गए पहले मैच में रेलवे रॉकेट ने 10 ओवर में 60 रन बनाए। जवाब में हिंद टाइटंस ने चौके-छक्कों की बारिश करते हुए केवल 16 गेंदों में 62 रन बनाकर रिकॉर्ड जीत दर्ज की।

2) दूसरे मुकाबले में शेरानी किंग्स ने 10 ओवर में 5 विकेट पर 91 रन बनाए, लेकिन खतम इलेवन ने मात्र 5 ओवर और 1 विकेट में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। इस मैच में ललित खुशयानी ने 6 छक्के और 3 चौकों की मदद से शानदार अर्धशतक लगाते हुए आरसीएल का पहला अर्धशतक बनाया।

3) तीसरे मैच में जवाहर टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 83 रन बनाए, जिसे एनएनजी की टीम ने 7 विकेट खोकर 8.3 ओवर में हासिल कर लिया।

मैन ऑफ द मैच को मिलेगा नकद पुरस्कार

प्रतियोगिता के सभी मैन ऑफ द मैच पुरस्कार स्व. श्रीमती श्यामा महेंद्र ओझा की स्मृति में उनके सुपुत्र अशिम ओझा की ओर से 500 रुपए नकद देकर सम्मानित किए जाएंगे। इस अवसर पर महेंद्र कोठारी, दिनेश पोरवाल, वैभव जाट, देवशंकर पांडे, मनीष शर्मा, संजय शर्मा, दिनेश राठौर, प्रिंस बना, दीपक मइड़ा, गोपाल सोलंकी, अनारसिंह, किशोर बिजरावत, अरुण चौरड़िया, लवकेश जोशी, योगेंद्र जोदोन, अजय मालाकार, दिग्विजय सिंह, कवि चंचल, विजय राठौर, अविनाश शर्मा, चेतन शर्मा, प्रशांत व्यास सहित सैकड़ों खेल प्रेमी मौजूद रहे।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!