
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। होली पर्व के अवसर पर कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज की रतलाम (Ratlam) जिला इकाई द्वारा उत्साह और उल्लास के साथ फाग उत्सव मनाया गया। शहर की ऐरावत हिल्स के प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में समाजजनों ने भक्ति संगीत और होली गीतों के साथ गुलाल और फूलों की पंखुड़ियां उड़ाकर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत समाज के पदाधिकारियों द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों का गुलाल लगाकर स्वागत करने से हुई। इसके बाद भजन मंडली ने भजनों और पारंपरिक होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। संगीत की धुन पर समाज की महिलाएं झूम उठीं और उपस्थित सदस्यों ने उन पर पुष्पवर्षा कर माहौल को और भी आनंदमय बना दिया।
बच्चों ने झूले झूले, महिलाओं ने बनाए रील

उत्सव में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खासा उत्साह दिखाई दिया। बच्चे झूलों का आनंद लेते नजर आए, वहीं महिलाओं ने गुलाल और फूलों की पंखुड़ियां उड़ाकर अलग-अलग अंदाज में रील और वीडियो बनाए। कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी लेने का दौर भी खूब चला। इस दौरान पुरुष सदस्यों ने समाज की गतिविधियों के विस्तार और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की।
समाज की एकता और संगठन पर दिया जोर

इस अवसर पर आयोजित सभा में गुजराती समाज हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य संजय राज दुबे ने समाज को संगठित करने के लिए पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में अपेक्षा के अनुरूप उपस्थिति नहीं होने पर चिंता भी जताई और भविष्य में समाज की सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया। Ratlam समाज अध्यक्ष कौशल किशोर द्विवेदी और महिला इकाई अध्यक्ष रक्षा मिश्रा ने उपस्थितजनों से समाज के अन्य लोगों को भी संगठन से जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुनींद्र दुबे ने किया। उन्होंने समाज द्वारा धर्मशाला की स्थापना के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। अंत में पूर्णिमा तिवारी ने सभी का आभार माना।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


