– भाजपा ने कहा कांग्रेस महिलाओं की उन्नति सह नहीं पा रही, निर्वाचन आयोग में शिकायत
झाबुआ/रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। लोकसभा चुनाव 2024 ( Loksabha Election-2024) की सरगर्मी के साथ अब धमकाने की बात सामने आने लगी है। रतलाम-झाबुआ- आलीराजपुर संसदीय क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अनीता चौहान को झाबुआ जिले के थांदला विधायक वीरसिंह भूरिया द्वारा थांदला क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की एक बैठक के दौरान टिप्पणी कर भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाया है। उक्त टिप्पणी का वीडियो बुधवार सुबह से वायरल हो रहा है। भाजपा प्रत्याशी अनीता चौहान व उनके पति कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान पर टिप्पणी कर भाजपा कार्यकर्ताओं के हाथ काटने की धमकाने की शिकायत निर्वाचन आयोग को हुई है।
मामले में रतलाम जिले के भाजपा अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने बयान दिया है कि कांग्रेस महिलाओं की उन्नति सह नहीं पा रही है। वीडियो में थांदला विधायक वीर सिंह भूरिया भाजपा प्रत्याशी व उनके पति को चोर-डाकू कहते हुए संबोधित कर रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने अपने उद्बोधन में भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लुभाने पर हाथ काट देने की भी बात कही। इस दौरान लोकसभा कांग्रेस के उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया भी मौजूद थे। वीडियो वायरल होते ही भाजपा पदाधिकारियों ने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करती आ रही है। महिलाओं की उन्नति कांग्रेस सह नहीं पा रही है। उन्होंने ने विधायक वीरसिंह भूरिया की गई टिप्पणी पर आपत्ति दर्ज कराते हुए निर्वाचन आयोग में कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत की है।
कौन है भाजपा प्रत्याशी अनीता चौहान
लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Election-2024) के लिए रतलाम-झाबुआ-आलीराजपुर संसदीय क्षेत्र में भाजपा को आलीराजपुर जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता नागरसिंह चौहान को टिकट दिया है। उनके पति नागरसिंह चौहान वर्तमान में प्रदेश सरकार में वन, पर्यावरण व अनुसूचित जाति विकास मंत्री हैं। जोबट से स्कूली शिक्षा, आलीराजपुर से बीए और फिर इंदौर से एलएलबी और एलएलम कर चुकीं अनीता चौहान साल 2004 से भाजपा संगठन से जुड़ी हैं। भाजपा नगर मंडल में काम करने के बाद साल 2009 में उन्हें भाजपा महिला मोर्चा का जिला अध्यक्ष बनाया गया था। संगठन में वर्तमान में वे जिला उपाध्यक्ष हैं। अनीता चौहान वर्ष 2015 से लगातार जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। लगातार दो बार वे इस पद के लिए चुनी गई हैं। अध्ययन में रुचि के चलते वर्तमान में वे इंदौर के संस्थान से पीएचडी कर रही हैं। इसके अलावा वे कई सामाजिक संगठनों से भी जुड़ी हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


