
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत गंगासागर कॉलोनी में बीती रात एक महिला के साथ मंगलसूत्र झपटने की वारदात सामने आई। महिला अपने पति के साथ कॉलोनी में पैदल टहल रही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से आकर उसके गले से मंगलसूत्र छीनने की कोशिश की। हालांकि झपट्टे के दौरान मंगलसूत्र टूटकर महिला के कपड़ों पर गिर गया।
पीड़िता सोनाली पति रितेश शर्मा निवासी Ratlam के गंगासागर कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार रात करीब 8:45 बजे पति के साथ कॉलोनी में टहल रही थीं। शिव मंदिर के सामने मोड़ पर पीछे से बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवक आए। पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले में पहना करीब डेढ़ तोले का सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। झटके से मंगलसूत्र टूटकर नीचे गिर गया। महिला के चिल्लाने पर उनके पति, जो थोड़े आगे चल रहे थे, तुरंत पीछे मुड़े और दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की।
एक फरार, दूसरा बाइक समेत पकड़ा गया
घटना के दौरान पीछे बैठा युवक बाइक से उतरकर मौके से फरार हो गया, जबकि बाइक चालक को रितेश शर्मा ने पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि बदमाश बिना नंबर की बाइक से आए थे, जिससे उनकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी।
देर रात दर्ज हुई एफआईआर
महिला ने रात करीब 10:30 बजे थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। एफआईआर के बाद वह परिजनों के साथ घर लौट गईं। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पकड़ा गया संदिग्ध कॉलोनी का ही निवासी
सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी गंगासागर कॉलोनी क्षेत्र का ही रहने वाला बताया जा रहा है। थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। Ratlam पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


