– छह फार्मूले में कौनसा होगा निर्णायक, क्योंकि आने वाले समय में लोकसभा चुनाव
भोपाल, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश में प्रचंड 163 विधानसभा सीट पर जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम का सस्पेंस आज खत्म हो जाएगा। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लक्ष्मण और राष्ट्रीय सचिव आशा लाकड़ा विधायक दल के सदस्यों से बातचीत कर नेता का नाम चुनने की प्रक्रिया कराएंगे। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में कई दिग्गज नेताओं को चुनाव लड़ाया और सभी मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे हैं। अभी तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने निर्णय से चौंकाते आ रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वह प्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर फिर चौंकाने वाला फैसला ले सकते है। यदि प्रदेश में शिवराज को बदलते हैं तो एक को मुख्यमंत्री बनाने के साथ ही बाकी को एडजस्ट करना होगा। इसको देखते हुए दो डिप्टी सीएम वाला फॉर्मूला प्रदेश में लागू किया जा सकता है। ऐसे में कौनसा फार्मूला पार्टी की बेहतरी के लिए होगा क्योंकि आने वाले समय में लोकसभा चुनाव होना है।
इन फार्मूले पर पार्टी कर रही प्रमुखता से मंथन
पहली- प्रहलाद पटेल को सीएम बनाने पर कैलाश विजयवर्गीय और गोपाल भार्गव को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता हैं। नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा स्पीकर बनाया जा सकता है। एसटी/एससी वर्ग से किसी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। वीडी शर्मा और शिवराज सिंह चौहान को केंद्र में बड़ा रोल दिया जा सकता है। ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्र में ही रहेंगे।
दूसरी- नरेंद्र सिंह तोमर को सीएम बनाने पर प्रहलाद पटेल और गोपाल भार्गव को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। कैलाश विजयवर्गीय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। वीडी शर्मा और शिवराज सिंह चौहान को केंद्र में बड़ा रोल दिया जा सकता है। ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्र में ही रहेंगे।
तीसरी- कैलाश विजयवर्गीय को मुख्यमंत्री बनाने पर नरेंद्र सिंह तोमर और प्रहलाद पटेल को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। एसटी/एससी वर्ग से किसी को प्रदेश अध्यक्ष और गोपाल भार्गव को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। वीडी शर्मा और शिवराज को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्र में ही रहेंगे।
चौथी- वीडी शर्मा को सीएम बनाने पर प्रहलाद पटेल और किसी एसटी/एससी चेहरे को डिप्टी सीएम बना सकते हैं। नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। कैलाश विजयवर्गीय को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है। शिवराज केंद्र में जाएंगे। ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्र में ही रहेंगे।
पांचवीं- ज्योतिरादित्य सिंधिया को सीएम बनाने पर प्रहलाद पटेल और वीडी शर्मा को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। कैलाश विजयवर्गीय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। शिवराज सिंह चौहान केंद्र में जाएंगे।
छठी- शिवराज सिंह चौहान के ही सीएम बने रहने पर, कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। गोपाल भार्गव को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। नरेंद्र सिंह तोमर को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल सकती है। वीडी शर्मा केंद्र में जा सकते हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


