
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने सोमवार रात करीब 8 बजे कार्रवाई करते हुए रतलाम (Ratlam) जिले के ग्राम पंचायत कनेरी के सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। सचिव भवन निर्माण अनुमति और नामांतरण के बदले आवेदक से रिश्वत की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार रतलाम (Ratlam) निवासी प्रेम जैसवार ने एसपी लोकायुक्त उज्जैन को शिकायत की थी कि उन्होंने रतलाम (Ratlam) स्थित मां विंध्यवासिनी ड्रीम सिटी कालोनी में दो भूखंड खरीदे हैं। इनमें भूखंड क्रमांक बी-41 पर भवन निर्माण की अनुमति और भूखंड क्रमांक 96 का ग्राम पंचायत में नामांतरण कराने के लिए ग्राम पंचायत कनेरी के सचिव सत्यनारायण सेन उनसे पांच हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने 23 फरवरी 2026 को तस्दीक की और ट्रैप की योजना बनाई। इसके बाद सोमवार को कार्रवाई करते हुए आवेदक से 4500 रुपये की रिश्वत लेते समय सचिव सत्यनारायण सेन को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। सचिव सत्यनारायण ने फरियादी को अपने निवास स्थान रतलाम (Ratlam) स्थित तेजा नगर पर रुपये लेकर बुलाया था।
घर में एक कमरा बना रखा ऑफिस
घर पर सचिव ने एक अलग कमरे में अपना आफिस बना रखा है। यही फरियादी से वह रुपये ले रहा था। जैसे ही फरियादी ने रुपये सचिव को दिए तो तुरंत टीम ने दबिश मार दी। दबिश से घबरा कर आरोपित सचिव ने रुपये टेबल पर रख दिए। टीम ने सचिव के हाथ को केमिकल के पानी से धुलवाया तो हाथों से गुलाबी रंग निकल गया। आरोपी सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, आरक्षक श्याम शर्मा, आरक्षक संजीव कुमारिया, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत और आरक्षक इसरार शामिल रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


