
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले में गुरुवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार को पूरे दिन जारी रहा। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश ने जनजीवन और खेती दोनों को प्रभावित किया। दिनभर में करीब 14 मिमी (लगभग आधा इंच) बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 7.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह 21.2 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे, हालांकि बारिश की संभावना कम है और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
लगातार हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण Ratlam ग्रामीण क्षेत्रों में गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई। अक्टूबर में हुई बारिश के बाद किसानों ने नवंबर में बुवाई की थी। अब फसल कच्ची अवस्था में है, जिससे दाना बनने की संभावना कम हो गई है। जो फसल पकने की स्थिति में थी, उसमें भी दाने का रंग प्रभावित होने की आशंका है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।
गेहूं के साथ लहसुन, मटर और राईडा भी प्रभावित
Ratlam जिले के नामली नगर और आसपास के क्षेत्रों में बेमौसम बारिश ने गेहूं के साथ-साथ लहसुन, मटर और राईडा सहित रबी की अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। किसान नेता बंटी डाबी ने प्रभावित खेतों का दौरा किया। किसान ईश्वर लाल कुमावत के लगभग 10 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह खराब पाई गई। किसानों का कहना है कि इस बारिश ने पूरे सीजन की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
इन गांवों में सबसे ज्यादा नुकसान
बेमौसम बारिश से रतलाम (Ratlam) जिले के ग्राम सेजावता, घटला, भटूनी, जड़वासा, अमलेटा, मलवासा, हतनारा, रिंगनिया और बाजनखेड़ा सहित कई गांवों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों के अनुसार क्षेत्र की लगभग सभी रबी फसलें प्रभावित हुई हैं।
शहर में भी परेशानी : नालियां जाम, पानी भराव
बारिश के कारण घास बाजार सहित कई इलाकों में नालियां जाम हो गईं, जिससे पानी भर गया और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और नालियों पर हुए पक्के अतिक्रमण हटाकर पानी की निकासी सुचारू की।
किसानों ने की सर्वे और मुआवजे की मांग
किसान नेता बंटी डाबी ने रतलाम (Ratlam) जिला प्रशासन से फसलों का तत्काल सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि गत वर्ष भी अत्यधिक वर्षा से नुकसान हुआ था और इस वर्ष बेमौसम बारिश ने उम्मीदों को झटका दिया है। उन्होंने बीमा कंपनी और राजस्व विभाग से शीघ्र राहत राशि जारी करने की अपील की है, ताकि किसानों को आर्थिक संबल मिल सके।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


