
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के नामली क्षेत्र में दो चचेरी बहनों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है।पीड़िताओं में एक 15 वर्षीय नाबालिग और दूसरी 18 वर्षीय युवती शामिल हैं। आरोप है कि तीन युवकों ने उन्हें बहला-फुसलाकर गोडाउन में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और तलाश की जा रही है।

पीड़िता नाबालिग ने पुलिस को बताया कि वह अपनी चचेरी बहन के साथ रिश्तेदार के घर आयोजित कार्यक्रम में गई थी। गुरुवार रात करीब 9:30 बजे दोनों घर के बाहर बैठी थीं, तभी राजवीर कुमावत नाम का युवक बाइक लेकर आया और उनसे कुछ देर बात करने की बात कहकर उन्हें साथ चलने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद वह दोनों को बाइक पर बैठाकर नामली स्थित देव सोनावा की अगरबत्ती फैक्ट्री के गोडाउन पर ले गया, जहां पहले से सुमित जाट और पवन जाट मौजूद थे।
गोडाउन का दरवाजा बाहर से बंद कर किया दुष्कर्म
पीड़िता के अनुसार, राजवीर दोनों को फैक्ट्री के अंदर छोड़कर बाहर से दरवाजा बंद कर चला गया। इसके बाद सुमित जाट उसे जबरदस्ती एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी। उधर दूसरी चचेरी बहन को पवन जाट फैक्ट्री के अंदर दूसरे हिस्से में ले गया और उसके साथ भी जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
बाद में घर ले जाकर फिर किया दुष्कर्म
पीड़िताओं ने बताया कि वारदात के बाद पवन जाट दोनों को बाइक पर बैठाकर अपने घर ले गया। वहां भी सुमित और पवन ने उनकी इच्छा के खिलाफ दोबारा दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों किसी तरह वापस अपने रिश्तेदार के घर पहुंचीं, लेकिन डर की वजह से घटना के बारे में किसी को नहीं बता सकीं।
परिजनों को बताया तो दर्ज हुई एफआईआर
शुक्रवार रात पीड़िताओं ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर नामली थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने मामला दर्ज किया। देर रात दोनों का रतलाम मेडिकल कॉलेज में मेडिकल परीक्षण कराया गया।
गोडाउन संचालक की भूमिका भी जांच के घेरे में
जिस गोडाउन में यह वारदात हुई, वह नामली के नौगांव–पल्दूना रोड पर स्थित है और स्थानीय निवासी देव सोनावा का बताया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों के पास गोडाउन की चाबी कैसे पहुंची। जरूरत पड़ने पर गोडाउन संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। Ratlam ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला ने बताया कि दो पीड़िताओं की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के साथ घटनाक्रम की जांच जारी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


