– मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन ने बुधवार से काम बंद कर हड़ताल पर जाने की दी चेतावनी
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। विवादों से सुर्खियों में रहने वाले रतलाम के मेडिकल कॉलेज में मंगलवार की रात फिर जमकर हंगामा हुआ। इस बार मरीज और परिजन का स्टॉफ से नहीं बल्कि डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता और मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (एमटीए) अध्यक्ष डॉ. प्रवीणसिंह बघेल के बीच मारपीट हुई है। एमटीए अध्यक्ष उनके घर अपने साथियों के साथ चर्चा करने गए। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। दोनों ही पक्षों के बीच मारपीट का यह मामला थाने पहुंच गया। थाने पर एक पक्ष की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई जबकि दूसरे का आवेदन लिया गया है। डीन से नाराज डॉक्टरों ने थाना परिसर में ही डीन को हटाने की मांग करते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की। इधर मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (एमटीए) अध्यक्ष डॉ. बघेल ने डीन डॉ. गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए बुधवार से स्टॉफ के साथ हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। उनकी मांग है कि जब तक डीन डॉ. गुप्ता को नही हटाया जाएगा, उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
यह है पूरा मामला
हंगामे के प्रत्यक्ष दर्शियों की मानें तो कॉलेज के ही एसोसिएट डॉ. राहुल मैड़ा की पत्नी की मंगलवार को सीजर से डिलीवरी हुई। डॉ. होने के नाते अन्य डॉक्टरों ने उनके लिए प्राइवेट वार्ड में व्यवस्था की। इसी बात को लेकर डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने आपत्ति लेते हुए उन्हें दूसरे वार्ड में ले जाकर रखने को कहा। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब डॉ. मेैड़ा प्रसूता पत्नी को मेडिकल कॉलेज से निजी अस्पताल लेकर चले गए। इससे एमटीए के सदस्यों के बीच नाराजगी हुई और एमटीए अध्यक्ष डॉ. प्रवीणसिंह बघेल अपने कुछ साथी डॉक्टरों के साथ डीन डॉ. गुप्ता से मिलने उनके निवास पहुंच गए। यहीं पर दोनों के बीच विवाद, झूमाझटकी और मारपीट हो गई।
दोनों पक्षों ने लगाए एक – दूसरे पर आरोप
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता और दूसरे पक्ष के डॉ. प्रवीणसिंह बघेल ने अपने साथ मारपीट का आरोप लगाया। दोनों अपने-अपने समर्थकों के साथ औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने पहुंचे। थाने में भी दोनों पक्ष अलग-अलग गुट बनाकर खड़े रहे। डॉ. बघेल के पक्ष के डॉक्टरों ने थाना परिसर में ही डीन के खिलाफ नारेबाजी कर उन्हें हटाने की बात कही। डॉक्टरों का कहना था कि ऐसा डीन नहीं चाहिए।
एफआईआर दर्ज कर ली
डीन. डॉ. गुप्ता के साथ मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दूसरे पक्ष से आवेदन लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। – राजेंद्र वर्मा, टीआई औद्योगिक क्षेत्र, पुलिस थाना रतलाम
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


