रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्यप्रदेश में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामला रतलाम जिले का है, जहां आवारा कुत्ते के काटने से एक युवक की मौत हो गई। युवक को 31 जुलाई 2025 को पैर में कुत्ते ने काटा था। इसके बाद उसे स्थानीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया, लेकिन बदहाली के चलते परिजन इसे अहमदाबाद के एक अस्पताल में लेकर गए। वहां करीब एक महीने तक इलाज चला, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतक शाहरूख मिरासी के मंडी में मजदूरी करने के साथ रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं। दो बेटियां और आठ महीने का बेटा। शाहरूख ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम
गुरुवार को शाहरूख के शव को रतलाम लाने के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचा था। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


