
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। सैलाना (Sailana) नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में प्रस्तावित चौड़ीकरण को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। हाईकोर्ट ने सुलभ कॉम्प्लेक्स क्षेत्र की दुकानों को लेकर दायर रिट याचिका पर सुनवाई पूरी करते हुए पूर्व में दिया गया स्टे हटा दिया है और नगर परिषद को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित दुकानदारों की सुनवाई कर जनहित में उचित निर्णय लिया जाए। न्यायालय के आदेश के पालन में परिषद के सीएमओ ने दुकानदारों की सुनवाई की और उनसे लिखित आपत्तियां भी प्राप्त कीं। हालांकि, इस प्रक्रिया के बाद भी अंतिम निर्णय अभी लंबित है, जिससे पूरे मामले पर अनिश्चितता बनी हुई है।

दरअसल, Sailana बस स्टैंड क्षेत्र की संकरी जगह को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने यहां स्थित करीब 15 दुकानों और सुलभ कॉम्प्लेक्स को हटाकर चौड़ीकरण की योजना बनाई थी। लोक निर्माण विभाग ने भवन को जर्जर घोषित कर इसे हटाने की अनुशंसा भी की थी। इसके बाद दुकानदारों को एक माह के भीतर दुकान खाली करने के नोटिस जारी किए गए थे और 15 फीट पीछे पुनः दुकान आवंटन का प्रस्ताव भी दिया गया था। इस कार्रवाई के विरोध में आठ दुकानदार हाईकोर्ट पहुंचे थे, जहां से उन्हें अस्थायी राहत मिली थी। अब स्टे हटने के बाद परिषद के पास कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।
जाम की समस्या से मिलेगी राहत
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि परिषद जल्द निर्णय लेकर चौड़ीकरण कार्य शुरू करती है, तो सिंहस्थ 2028 से पहले बस स्टैंड का कायाकल्प संभव है। इससे यात्री सुविधाएं बेहतर होंगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं, कुछ नागरिकों ने आशंका जताई है कि यदि निर्णय में देरी हुई तो बस स्टैंड को बायपास पर स्थानांतरित किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में करीब 200 से अधिक दुकानदारों और हाथठेला संचालकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है। साथ ही, वर्तमान बस स्टैंड के पास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में भी लोगों को कठिनाई होगी।
मार्ग के अभाव में वर्षों से बंद पड़ी दुकानें

गौरतलब है कि सुलभ कॉम्प्लेक्स के पीछे बनी परिषद की 28 दुकानें मार्ग के अभाव में वर्षों से बंद पड़ी हैं। बस स्टैंड विस्तार होने पर इन दुकानों को फिर से चालू किया जा सकता है, जिससे कई परिवारों को रोजगार मिल सकता है। नागरिकों का कहना है कि शहर के बीच स्थित बस स्टैंड के पास अस्पताल और पुलिस थाना होने से यात्रियों को सुविधा और सुरक्षा दोनों मिलती हैं। उन्होंने Sailana प्रशासन से अपील की है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द जनहित में निर्णय लिया जाए।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


