
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। जमीन बेचने के नाम पर 90 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोपी एसएमओ फेरो अलॉयज प्राइवेट लिमिटेड (SMO Ferro Alloys Private Limited) का फाउंडर सैय्यद अख्तर अली (Syed Akhtar Ali) (60) पिता वाहिद अली, दोनों भाइयों सैय्यद मोहब्बत अली (51), सैय्यद अफसर अली (49) सहित दो बहनें अलताफ बी (55) और फिरोजा बी (56) के खिलाफ रतलाम कोर्ट ने गुरुवार को फरारी वारंट जारी कर दिए हैं। पांचों फरार आरोपियों के खिलाफ रतलाम एसपी पूर्व में 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर चुके हैं। इसके पहले 25 मार्च को कोर्ट इन पांचों की अग्रिम जमानत भी खारिज कर चुकी है।

बता दें कि एसएमओ फेरो अलॉयज प्राइवेट लिमिटेड (SMO Ferro Alloys Private Limited) के फाउंडर और बड़े व्यवसायी सैयद अख्तर अली (Syed Akhtar Ali), इसके भाई सैयद अफसर अली, सैयद मोहब्बत अली, बहन अल्ताफ बी और फिरोजा बी इन पांचों पर जमीन बेचने के नाम पर एक माह पूर्व 90 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का केस रतलाम स्टेशन रोड थाने में दर्ज किया गया था। इनके अब तक नहीं पकड़ाने पर इन पांचों पर रतलाम एसपी अमित कुमार ने 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। रतलाम स्टेशन रोड थाना टीआई जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार पांचों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट ने फरारी वारंट जारी कर दिए है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उसकी मेघनगर स्थित एसएमओ फेरो अलॉयज प्राइवेट लिमिटेड (SMO Ferro Alloys Private Limited) कंपनी के दफ्तर सहित अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे चुके हैं। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज हैं, सभी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
महंगी शादी से सैय्यद आया था चर्चा में
एसएमओ फेरो अलॉयज प्राइवेट लिमिटेड (SMO Ferro Alloys Private Limited) के फाउंडर सैयद अख्तर अली (Syed Akhtar Ali) ने नवंबर 2022 में बेटे ओवैस अली की महंगी शादी की थी। इसमें फिल्म स्टार भी आए थे। रतलाम में हुई यह महंगी शादी काफी चर्चा में रही थी और उसी समय अख्तर अली लाइम लाइट में आया था। 2024 में इसने बेटे ओवैस अली की फर्म सैयद ओवैस अली ने राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के भुखिया व जगपुरा को सोने की खदान खनन का लाइसेंस लिया था।
90 लाख हड़पने की है एफआईआर
बाइक शो रूम के संचालक विजय कटारिया और उनके भाई सुरेश कटारिया व विनोद कटारिया के साथ आरोपियों ने 9 मार्च 2021 को जमीन का सौदा 2 करोड़ 70 लाख में किया था। इसमें से 90 लाख रुपए एडवांस दिए थे। इन्होंने मार्च 2023 तक बाकी रुपए लेकर रजिस्ट्री करवाने की बात कही थी। इसके बाद फरवरी 2023 में इस एग्रीमेंट को एक साल के लिए बढ़ाया गया। लेकिन यह समय गुजरने के बाद भी आरोपी रजिस्ट्री करवाने में आनाकानी करते रहे। आशंका होने पर फरियादी ने रजिस्ट्रार कार्यालय से पता किया तो जानकारी मिली कि यह जमीन इन पांचों ने आपस में मिलकर दानपत्र के जरिए अख्तर अली (Syed Akhtar Ali) के बेटे मुर्तजा अली के नाम कर दी। इस जमीन पर मुर्तजा ने लोन भी ले लिया था।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


