– सैलाना विधायक का महाआंदोलन आज, डॉक्टर के साथ करणी सेना
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम जिला अस्पताल में डॉक्टर और सैलाना विधायक के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। विधायक ने खुद पर साथियों पर एफआईआर किए जाने के खिलाफ 11 दिसंबर 2024 को महाआंदोलन की चेतावनी दी है। इसकी जानकारी देने के बाद ही इंतजाम करने के लिए विधायक ने प्रशासन को पत्र लिखा था। जवाब में प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अप्रिय घटना की आशंका है इसलिए अनुमति नहीं दी जा सकती। बावजूद इसके भीड़ एकत्र हुई तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब विधायक और डॉक्टर का यह विवाद तब त्रिकोणीय हो गया, जब इसमें डॉक्टर के पक्ष में करणी सेना की एंट्री हो गई। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रतापसिंह चौहान ने चेतावनी दी है कि सैलाना विधायक पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। तीन दिन में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बता दें कि सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने 11 दिसंबर को महाआंदोलन का ऐलान किया है। इसमें राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र से भारत आदिवासी पार्टी के विधायक, सांसद और समाजजन के आने का दावा किया है। सुबह 11 बजे से सभी लोग डॉ. आंबेडकर सर्कल पर एकत्र होंगे। वहां से नेहरू स्टेडियम पहुंचकर सभा करेंगे। मामले में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार का कहना है कि न आचार संहिता लगी है और न ही कुछ और। ऐसे में फॉर्म भरकर कार्यक्रम करने की अनुमति की जरूरत नहीं है। शांतिपूर्ण तरीके से महाआंदोलन करेंगे। बुधवार की सुबह 11 बजे आम्बेडकर सर्कल पर एकजुट होंगे और नेहरू स्टेडियम में सभा होगी। इसमें डॉक्टर की रिपोर्ट पर मेरे व हमारे साथियों पर दर्ज किया गया झूठा मुकदमा वापस लेने और डॉक्टर पर धाराएं बढ़ाने व उसे बर्खास्त करने की मांग की जाएगी।
रतलाम जिला प्रशासन की नहीं अनुमति
रतलाम कलेक्टर और जिला दंडाधिकारी ने सैलाना विधायक को जवाबी पत्र भेजा है। अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव के हस्ताक्षरित पत्र में साफ कहा गया है कि प्रस्तावित कार्यक्रम की कोई पूर्वानुमति नहीं ली गई है। इतना ही नहीं आपने खुद अप्रिय घटना की आशंका जताई है। ऐसे में 11 दिसंबर के महाआंदोलन कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाती है। सार्वजनिक स्थल पर बिना अनुमति भीड़ इकट्ठा करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
करणी सेना भी उतरी डॉक्टर के पक्ष में मैदान में
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रतापसिंह चौहान ने सोशल मीडिया से साफ चेताया है कि डॉक्टर के साथ अभद्रता करने और जात-पात की बात करने वाले सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार पर तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो उम्र आंदोलन करेंगे। सैलाना विधायक डोडियार पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। हर विवाद में एट्रोसिटी एक्ट लगवाने की धमकी देते हैं। उनके द्वारा लोगों को परेशान करने की कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। डॉक्टर से अभद्रता, सरकारी काम में बाधा डालने पर गिरफ्तार करने व विधानसभा सदस्यता भंग करने की मांग को लेकर आंदोलन करेंगे।
विधायक और डॉक्टर के बीच यह हुआ था विवाद
6 दिसंबर 2024 को रात 10 बजे सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार और डॉ. सीपीएस राठौर में विवाद हो गया था। विधायक का कहना था कि मैं अपना इलाज करवाने और अपने क्षेत्र के मरीजों को देखने आया था। इमरजेंसी ड्यूटी में बिना यूनिफार्म में एक व्यक्ति बैठा था। उससे मैंने पूछा डॉक्टर कौन है तो वह गालियां देने लगा। उसे मेरे गनमैन ने बताया कि ये विधायक हैं उसके बावजूद उसने गालियां दीं। विधायक की रिपोर्ट पर डॉक्टर के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट में केस दर्ज किया गया। वहीं डॉक्टर राठौर ने विधायक पर सरकारी काम में बाधा और डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट में केस दर्ज करवाया। राठौर ने इसमें बताया कि विधायक और उनके साथियों ने गालियां देने के साथ कहा था कि हमारे टुकड़ों पर पलते हो हमें नहीं जानते हो।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


