Ratlam : निगम सम्मेलन में सावरकर पर टिप्पणी से बवाल, भाजपा ने कांग्रेस पार्षद का फूंका पुतला और चूड़ियां भेंट

- कांग्रेस पार्षद के बयान पर सदन में हंगामा, भाजपा ने एफआईआर और निष्कासन की मांग की; कांग्रेस पार्षदों ने पर्चे उड़ाए

Uproar in Ratlam over remarks on Savarkar

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) नगर निगम के वर्ष 2026-27 के बजट सम्मेलन की परिषद मंगलवार को भारी हंगामे के बीच शुरू हुई। बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षद सलीम बागवान द्वारा क्रांतिकारी वीर सावरकर पर की गई टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया। बागवान ने सावरकर को राष्ट्रद्रोही कहा, जिससे भाजपा पार्षदों में तीखी नाराजगी देखने को मिली।

भाजपा पार्षदों ने इस बयान का कड़ा विरोध करते हुए सभापति मनीषा शर्मा से कांग्रेस पार्षद बागवान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और उन्हें सदन से बाहर करने की मांग की। विवाद बढ़ता देख सभापति ने कुछ समय के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। बैठक स्थगित होने के बाद भाजपा पार्षदों ने नगर निगम परिसर में कांग्रेस पार्षद सलीम बागवान का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। बाद में सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो कांग्रेस पार्षदों ने वीर सावरकर के विरोध में पर्चे उड़ाए, जिसके जवाब में भाजपा पार्षदों ने उन्हें चूड़ियां भेंट कर विरोध जताया। खबर लिखे जाने तक दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और हंगामा जारी था।

शुरुआत से ही हंगामेदार रही बैठक

रतलाम (Ratlam) नगर निगम का सामान्य बजट सम्मेलन मंगलवार को तय समय से करीब आधे घंटे देरी से सुबह 11.30 बजे सभापति मनीषा शर्मा की अध्यक्षता में शुरू हुआ। बैठक की शुरुआत में ही विपक्षी कांग्रेस पार्षद काली पट्टी बांधकर पहुंचे और भाजपा परिषद के चार वर्षों के कार्यकाल का हिसाब मांगते हुए विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि एजेंडे में जनता से जुड़े मुद्दों को शामिल नहीं किया गया और अधिकारी भी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। करीब आधे घंटे के हंगामे के बाद प्रश्नकाल शुरू हो सका।

सीवरेज और नामांतरण के मुद्दे पर अफसरों को घेरा

प्रश्नकाल के दौरान भाजपा पार्षद परमानंद योगी ने अपने वार्ड में बिना पार्षद को जानकारी दिए सीवरेज कार्य कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारी मनमर्जी से काम कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लेते। वहीं नामांतरण के लंबित मामलों को लेकर नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोग बार-बार निगम के चक्कर काट रहे हैं, जिससे जनप्रतिनिधियों की भी छवि प्रभावित हो रही है। इस मुद्दे पर भाजपा पार्षदों ने भी उनका समर्थन किया।

उद्यान विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

भाजपा पार्षद रत्नसिंह राठौर के सवाल पर संबंधित अधिकारी के अनुपस्थित रहने से सदन में नाराजगी देखने को मिली। बाद में उद्यान विभाग प्रभारी अनिल पारे अधूरी जानकारी के साथ पहुंचे। इस पर सभापति मनीषा शर्मा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए आयुक्त अनिल भाना को संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। भाजपा पार्षद शक्ति सिंह ने नगरीय सीमा में लगाए गए पौधों की स्थिति और ट्री-गार्ड पर हुए खर्च को लेकर सवाल उठाए, लेकिन अधिकारी स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।

बजट सहित इन प्रस्तावों पर होगी चर्चा

बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगम का आय-व्यय पत्रक (बजट) पेश किया जाना है, जिस पर चर्चा होगी। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की लाइसेंस शाखा में शुल्क वृद्धि, 30 वर्ष की लीज बढ़ाने और चार भूखंडों की रजिस्ट्री से जुड़े प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं। साथ ही शहर की कुछ प्रमुख सड़कों और स्थानों के नाम बदलने के प्रस्ताव भी परिषद में रखे गए हैं, जिनमें सावित्रीबाई फुले मार्ग, वीरांगना गुजरी माता पन्ना धाय मार्ग, अटल बिहारी वाजपेयी मार्ग, श्री रघुवीर टाट वाले महाराज तिराहा और निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम श्री छत्रपति शिवाजी महाराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स रखने का प्रस्ताव शामिल है।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!