रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के नामली कृषि उपमंडी में बुधवार दोपहर लहसुन तुलाई के दौरान किसान और हम्माल के बीच मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से उपमंडी में जमकर लात-घूसें सहित लाठियां चली। उक्त घटनाक्रम में चार लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। नामली पुलिस घायलों के बयान के आधार पर मामले की विवेचना में जुटी है।
रतलाम के नामली स्थित कृषि उपज मंडी में बुधवार दोपहर लहसुन की तुलाई के दौरान विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान किसान ने हम्माल को थप्पड़ मार दिया। बाद में दोनों पक्षों की ओर से लोग एकत्र हुए और एक-दूसरे पर टूट पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे और लाठियां चलीं। हमले में चार लोग घायल हो गए, इनमें दो महिलाएं हैं। उक्त विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। नामली उपमंडी प्रभारी एसएस सोलंकी ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि नयापुरा निवासी किसान युवराज सिंह मंडी में लहसुन लेकर आया था। तोल कांटे पर तुलाई की जा रही थी। इसी दौरान हम्माल देवीलाल वहां पास में खड़ा था। तोल के बीच में आने की बात को लेकर दोनों में पहले कहासुनी हुई। किसान युवराज ने हम्माल को चांटा मार दिया। इसके कुछ देर बाद उपमंडी के बाहर किसान पक्ष के कुछ लोग जीप में सवार होकर आए। वे हम्माल देवीलाल से मारपीट करने लगे। इस दौरान, बीच- बचाव करने गए जीवनसिंह पिता बालू, दुर्गा पति धर्मेंद्र निवासी, अजय (20) पिता प्रेमसिंह के साथ किसान के पक्ष में आए अन्य ग्रामीणों ने जमकर मारपीट की। अजय की मां सुमन भी अपने बेटे को बचाने आई, तो उसे भी पीटा गया। चारों घायल को रतलाम मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हम्माल देवीलाल मारपीट से पहले ही उपमंडी से भाग गया था। जिसे किसानों ने काफी ढूंढने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मिला।
कांटे से दूर होने की कहासुनी में विवाद
नामली कृषि उपमंडी में लहसुन की तुलाई के दौरान कांटे से दूर हटने की बात को लेकर किसान युवराजसिंह व हम्माल देवीलाल के बीच विवाद हुआ था। मंडी के बाहर दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ। बीच बचाव करने गए चार लोग घायल हुए हैं, जो कि हम्माल देवीलाल के पक्ष के हैं। घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया है। मामले की जांच की जा रही है। – विक्रम सिंह चौहान, टीआई-नामली (मध्य प्रदेश)
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


