
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले में स्थित बिलपांक थाना क्षेत्र के ग्राम सिमलावदा के समीप बुधवार दोपहर करीब 12:40 बजे छेड़छाड़ की घटना के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। बच्चा चोर गिरोह होने की आशंका में ग्रामीणों ने छह युवकों को पकड़कर उनके साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलते ही सातरुंडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और चार युवकों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर चौकी ले गई। इस दौरान दो युवक मौके से फरार हो गए।
Ratlam पुलिस के अनुसार एक नाबालिग ने महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराए। नाबालिग ने बताया कि वह घर के बाहर खड़ी थी, तभी तीन युवकों ने उसे रुपए दिखाते हुए अश्लील इशारे किए। उसने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई।
अफवाह से भड़की भीड़, जमकर हुई मारपीट

विवाद के दौरान बच्चा चोर गिरोह होने की अफवाह फैल गई। इसके बाद वहां मौजूद ग्रामीणों ने छह युवकों को घेर लिया और लात-घूंसों से उनकी पिटाई कर दी। चार युवकों को पकड़कर ग्रामीणों ने जमकर मारपीट की, जबकि दो युवक भाग निकले।
इंदौर से दर्शन कर लौटने की बात
पकड़े गए युवकों ने Ratlam पुलिस को बताया कि वे इंदौर जिले के ग्राम मांगलिया और आसपास के निवासी हैं। वे सांवलियाजी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे और रास्ते में एक ढाबे पर भोजन के लिए रुके थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें बच्चा चोर समझकर हमला कर दिया।
दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज

सातरुंडा चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह डाबर के अनुसार, नाबालिग की रिपोर्ट पर अमित पिता लक्ष्मीनारायण चौहान, धर्मेंद्र पिता विक्रम परमार, मनोज पिता वेलसिंह मालीवाड़, वनसिंह पिता मांगू डाबर, रमेश पिता गिरधारी गिरवाल और तेजू पिता गिरधारी गिरवाल निवासी गंगाघाटी ग्राम मांगलिया, थाना क्षिप्रा, जिला इंदौर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


