23.7 C
Ratlām

मध्य प्रदेश में नारी सशक्त : संपत्ति की खरीददारी में अब महिलाओं की हिस्सेदारी पुरुषों के बराबर

- आने वाले समय में आधे से अधिक स्वामित्व संभव, पंजीयन शुल्क में दो प्रतिशत छूट से खुली नई राह

 असीम राज पाण्डेय, रतलाम। मध्य प्रदेश में सरकार की एक नीति आधी आबादी यानी महिलाओं को सशक्त करने में मील का पत्थर साबित हो रही है। यह अचल संपत्ति का क्षेत्र है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी बराबरी में पहुंच रही है। पिछले वित्तीय वर्ष में 47 प्रतिशत संपत्तियों का पंजीयन महिलाओं के नाम पर हुआ था। चालू वित्तीय वर्ष ( साल 2025 ) के मई तक यह आंकड़ा 42 प्रतिशत हो चुका था। शक्ति के पर्व नवरात्रि में मध्य प्रदेश में नारी सशक्त को लेकर वंदेमातरम् NEWS ने पड़ताल कर पाठकों के लिए स्पेशल रिपोर्ट तैयार की।

IMG 20250928 WA0057

रियल एस्टेट के जानकारों का अनुमान है कि धनतेरस तक यह आंकड़ा 50 प्रतिशत को पार कर जाएगा। संपत्ति का पंजीयन महिलाओं के नाम कराने का यह चलन वित्तीय वर्ष 2021-22 से बढ़ा है। इसके पीछे कारण यह है कि छह अप्रैल 2021 को मध्य प्रदेश सरकार ने महिलाओं को पंजीयन शुल्क में दो प्रतिशत छूट देने का प्रविधान किया था। इसके बाद से घर, प्लाट, जमीन आदि की खरीदारी में महिलाओं की हिस्सेदारी साल दर साल बढ़ती जा रही है।

IMG 20250928 WA0056

वित्तीय वर्ष 2020-21 में अचल संपत्ति में मात्र 27 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं की थी। 10 वर्ष पहले तक संपत्ति के स्वामित्व में 68 प्रतिशत तक हिस्सेदारी पुरुषों की हुआ करती थी। वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रदेश में कुल 10 लाख 17 हजार 512 रजिस्ट्री हुई। इनमें से 47 प्रतिशत यानी चार लाख 79 हजार 857 महिलाओं के नाम पर हुई थी। जबकि पुरुषों के नाम 39.84 प्रतिशत यानी चार लाख पांच हजार 390 रजिस्ट्रियां हुईं थीं। बाकी पंजीयन मिश्रित हैं यानी संयुक्त स्वामित्व की है।

10 लाख की संपत्ति पर 20 हजार रुपये की बचत

प्रदेश में अचल संपत्ति की खरीदारी पर सामान्य तौर पर स्टांप ड्यूटी और पंजीयन शुल्क मिलाकर 12.5 प्रतिशत राशि चुकानी पड़ती है। महिलाओं के नाम पर इसे खरीदने पर दो प्रतिशत छूट के साथ सिर्फ 10.5 प्रतिशत राशि देय होती है। उदाहरण के तौर पर यदि 10 लाख की संपत्ति खरीदते हैं तो स्टांप-पंजीयन के लिए कुल सवा लाख रुपये देना होंगे। वहीं महिलाओं के नाम पर पंजीयन होने पर केवल 1 लाख 5 हजार रुपये देने होते हैं। इस तरह 20 हजार रुपये की बचत भर से महिला को सशक्त बनाने का रास्ता साफ कर दिया। 

महिला हुई आर्थिक रूप से मजबूत

संपत्ति का हकदार बनाने पर दो प्रतिशत की छूट की नीति ने बड़ा असर दिखाया है। अब महिला आर्थिक रूप से अधिक मजबूत है। अब उनकी बातों को भी समाज व परिवार में प्रमुखता सुना जाता है और उस पर अमल भी होता है। – शशांक शेखर ठाकुर, प्रोफेसर, समाजशास्त्र

दो प्रतिशत छूट से मिले बेहतर रिजल्ट

मध्य प्रदेश में महिलाओं के नाम पर प्रापर्टी की रजिस्ट्री करवाने पर दो प्रतिशत की छूट पंजीयन शुल्क में निर्धारित है। इसके बेहतर रिजल्ट देखने को मिल रहे हैं, अब महिलाएं भी प्रापर्टी में आधे से अधिक की हिस्सेदार हैं। – अमित तोमर, महानिरीक्षक, पंजीयन विभाग – मध्य प्रदेश

https://www.kamakshiweb.com/
Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

- Advertisement -spot_img

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

You cannot copy content of this page