
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरियाखेड़ा में एक मजदूर ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक की मौत हो जाने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। सूचना मिलते ही सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार और जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा भी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों से चर्चा कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पानी की टंकी पर फंदे से लटका मिला शव
मृतक की पहचान लक्ष्मीचंद्र पिता कनीराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने गांव की पानी की टंकी पर रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो गांव में आक्रोश फैल गया। जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल परिसर में भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे।
सुसाइड नोट में सरपंच सहित तीन के नाम
ग्रामीणों के अनुसार घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें ग्राम सरपंच जितेंद्र पाटीदार सहित तीन लोगों के नाम लिखे गए हैं। आरोप है कि आत्महत्या से पहले युवक ने टंकी की सीढ़ियों पर भी आरोपियों के नाम और “पुलिस नहीं सुनती” लिख दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि बाद में इन लिखे नामों को मिटा दिया गया, जिससे मामले ने और संदेह पैदा कर दिया है।
मारपीट और झूठे मामले में फंसाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि 11 फरवरी 2026 की रात लक्ष्मीचंद्र सरपंच के खेत पर फसल में पानी दे रहा था, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उस पर ही चोरी का आरोप लगाकर थाने में बंद करा दिया गया। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने सरपंच और उनके परिजनों के खिलाफ थाने में आवेदन दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।परिवार का यह भी गंभीर आरोप है कि थाने में रातभर उसके साथ मारपीट की गई और उस पर दबाव बनाया गया कि वह किसी अन्य का नाम ले। युवक ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित किए जाने और गंभीर धमकियां मिलने की भी शिकायत की थी।
एसपी कार्यालय तक पहुंची थी शिकायत
बताया जा रहा है कि लक्ष्मीचंद्र ने 12 फरवरी 2026 को रतलाम एसपी (Ratlam SP) कार्यालय में भी लिखित शिकायत दी थी। परिजनों के अनुसार कार्रवाई नहीं होने से वह लगातार मानसिक तनाव में था। ग्रामीणों का कहना है कि युवक ने टंकी पर “सरपंच तथा ऊपर पुलिस नहीं सुनती” लिखकर अपनी पीड़ा व्यक्त की।
तीन आरोपियों पर केस, सरपंच हिरासत में
रतलाम पुलिस (Ratlam Police) के अनुसार सरपंच जितेंद्र पाटीदार, लोकेश पाटीदार और पुरुषोत्तम पाटीदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। जितेंद्र पाटीदार को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में रतलाम एसपी अमित कुमार (Ratlam SP Amit Kumar) ने औद्योगिक क्षेत्र थाने के एएसआई आशीष मांगरिया को लाइन अटैच कर दिया है।
शव रखकर किया प्रदर्शन, एक घंटे लगा जाम

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर जावरा सिटी ओवरब्रिज पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक चले चक्काजाम के कारण यातायात प्रभावित रहा। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने और सरपंच को हिरासत में लेने की सूचना के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


