– जनता दल से बड़ी संख्या मे जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं ने ग्रहण की कांग्रेस सदस्यता
चेतन्य मालवीय
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। जन आक्रोश रैली के बाद राघोगढ़ विधायक एवं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने सैलाना में हुंकार भरी। पूर्व मंत्री सिंह ने भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष-2018 में जनता ने कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका दिया था, लेकिन सिंधिया जैसे लोगों के बिक जाने से सरकार गिर गईं थी। आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में पूर्व मंत्री सिंह ने 180 सीटों पर जीतने का दावा किया है।
विधायक हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में सोमवार को निकाली आदिवासी युवा जनआक्रोश रैली में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री व विधायक कांतिलाल भूरिया, कृषि उपज मंडी पूर्व अध्यक्ष शेखर गेहलोत, जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हनी गेहलोत सहित सेलाना -बाजना ब्लाक कांग्रेस के पदाधिकारियों की उपस्थिति में स्थानीय खाकी बाबा हनुमान मंदिर से रैली निकाली गई। मार्ग में जगह -जगह स्वागत किया गया। घंटाघर चौराहे पर आयोजित जनसभा मे विधायक गेहलोत ने कहा कि सैलाना क्षेत्र की जनता ने हमेशा गेहलोत परिवार को भरपूर प्यार व अपना आशीर्वाद दिया है। इस बार भी विधानसभा चुनाव मे रिकार्ड मतो से जीत दर्ज करेंगे।
सभा में विधायक भूरिया ने कहा कि भाजपा की कथनी व करनी मे अंतर है। चुनाव के समय नकली मामा बनकर शिवराज जनता को गुमराह कर रहे है किन्तु प्रदेश की जनता अब इनके झांसे मे आने वाली नहीं है। मंच से बाजना, रावटी, सरवन क्षेत्र के जनता दल सहित अन्य दल से बड़ी संख्या मे जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में शामिल हुए जनता दल नेता बहादुर डामोर ने संबोधन में कहा कि आगामी चुनाव में बाजना क्षेत्र से 20 हजार मतों से कांग्रेस को लीड दिलाकर गुड्डू भैया को ऐतिहासिक जीत दिलाएंगे । जनसभा के पश्चात क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी मनीष जैन को ज्ञापन सौंपा गया। संचालन पार्षद मंगलेश कसेरा ने किया तथा आभार हनी गेहलोत ने माना।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


