


भोपाल, वंदेमातरम् न्यूज। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की नवगठित राष्ट्रीय कार्यकारिणी (National Brainstorming) की पहली बैठक नई दिल्ली में आयोजित हुई। संगठन की इस महत्वपूर्ण बैठक में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के साथ रतलाम से प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन भी शामिल हुए। बैठक के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विप्लव जैन को सम्मानित किया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की इस पहली बैठक में युवा मोर्चा की आगामी संगठनात्मक रणनीति, युवाओं के बीच संगठन की पहुंच मजबूत करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही युवाओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने और उन्हें संगठन की गतिविधियों से अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को संगठन की भावी दिशा, राजनीतिक चुनौतियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना गौरव का विषय – विप्लव जैन
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक में सहभागिता और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के महत्वपूर्ण मंच पर सहभागिता करना और वरिष्ठ नेतृत्व से मार्गदर्शन प्राप्त करना उनके लिए गौरव का विषय है। जैन ने बताया कि बैठक में मिले मार्गदर्शन और संगठनात्मक दिशा के अनुरूप मध्यप्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के नेतृत्व में युवा मोर्चा की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। युवाओं को संगठन से जोड़ने, उनकी भागीदारी बढ़ाने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प में युवा शक्ति की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा। रतलाम के विप्लव जैन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक में सहभागिता और राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किए जाने को जिले के युवा राजनीतिक संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


