Ratlam : शराब की बोतल फ्री नहीं मिली तो किया था हमला, साजिश में पुलिसकर्मी भी शामिल

- कॉन्स्टेबल बिल्लर सिंह के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज 

Advertisements
Advertisements
Police personnel also involved in the conspiracy for the attack in Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश में रतलाम (Ratlam) जिले के शिवगढ़ बस स्टैंड स्थित शराब दुकान में मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट के सनसनीखेज मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में उस समय नया मोड़ आ गया, जब जांच के दौरान शिवगढ़ थाने में पदस्थ कॉन्स्टेबल बिल्लरसिंह की भूमिका सामने आई। आरोप है कि दूसरी बार मुफ्त में शराब की बोतल नहीं मिलने से नाराज पुलिसकर्मी ने अपने साथियों को दुकान संचालक और कर्मचारियों को धमकाने के लिए उकसाया था। पुलिस ने कॉन्स्टेबल के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है।

मुफ्त शराब नहीं मिली तो निकाला गुस्सा

बता दें कि 23 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9. 20 बजे की वारदात है। बस स्टैंड स्थित देसी-अंग्रेजी शराब दुकान पर पहुंचे आरोपियों ने जबरन दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने सेल्समैन सुशील तिवारी और मैनेजर धर्मेंद्र जाट पर गेती के हत्थे, सीमेंट ब्लॉक, शराब की बोतलों और घूंसों से हमला किया। दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई और जाते समय मोबाइल भी लूटकर आरोपी फरार हो गए। हमले में सेल्समैन सुशील तिवारी के सिर में 13 टांके आए, जबकि उनका हाथ भी फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मामले में शिवगढ़ थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से खुली परतें, पुलिसकर्मी का नाम आया सामने

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू किए। शुरुआती कार्रवाई में तीन आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान थाना शिवगढ़ में पदस्थ कॉन्स्टेबल बिल्लरसिंह का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को कथित तौर पर यह जानकारी मिली कि कॉन्स्टेबल के कहने पर आरोपियों ने शराब दुकान पर जाकर कर्मचारियों को धमकाया और मारपीट की। इसके बाद पुलिस ने कॉन्स्टेबल की भूमिका की भी जांच की।

पहले मुफ्त में ली शराब, दूसरी बार पैसे देकर खरीदनी पड़ी बोतल

जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात कॉन्स्टेबल बिल्लरसिंह ने शराब दुकान से मुफ्त में एक बोतल ली थी। इसके बाद उसने रतलाम के छह लोगों के साथ शराब पार्टी की। बोतल खत्म होने पर वह दोबारा शराब लेने दुकान पहुंचा, लेकिन इस बार सेल्समैन ने मुफ्त में बोतल देने से इनकार कर दिया। बताया गया है कि इसके बाद कॉन्स्टेबल ने रुपये देकर बोतल खरीदी और साथियों के साथ फिर से शराब पार्टी की। आरोप है कि दूसरी बार मुफ्त में शराब नहीं मिलने से नाराज कॉन्स्टेबल ने अपने साथ बैठे लोगों से दुकानदार को धमकाने के लिए कहा। इसके बाद शराब पार्टी करने वाले आरोपी दुकान में घुसे और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ की और मोबाइल सहित कुछ सामान लेकर फरार हो गए।

एसपी के निर्देश पर हेड कॉन्स्टेबल पर भी केस दर्ज

मामले में पुलिसकर्मी का नाम सामने आने के बाद रतलाम एसपी अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रों ने जांच की। सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और सामने आए तथ्यों के आधार पर कॉन्स्टेबल बिल्लरसिंह की संलिप्तता को गंभीरता से लिया। इसके बाद उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कराया गया। एसपी अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है। यदि किसी पुलिसकर्मी की अपराध में संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार छह आरोपी हैं —

1) जय खरे (24 वर्ष), पिता शरद खरे, निवासी मदीना मस्जिद के सामने, हाट रोड, रतलाम।

2) नानू उर्फ अनिल देवदा (33 वर्ष), पिता सोहन देवदा, निवासी राजेंद्र नगर, रतलाम।

3) कार्तिक उर्फ ओमप्रकाश मौर्य (32 वर्ष), पिता जगदीश मौर्य, निवासी दीनदयाल नगर, रतलाम।

4) पीयूष उर्फ पुष्पेंद्र रोजे (25 वर्ष), पिता अंबालाल रोजे, निवासी सुभाष नगर, रतलाम।

5) बल्लू उर्फ प्रताप सिंह राजपूत (21 वर्ष), पिता सोहन सिंह राजपूत, निवासी बजरंग नगर, रतलाम।

6) हर्ष उर्फ हर्षवर्धन हाड़े (24 वर्ष), पिता पर्वत कुमार हाड़े, निवासी रुद्राक्ष, रत्नेश्वर रोड, रतलाम।

तीन स्कूटर जब्त, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना में कथित तौर पर प्रयुक्त एक वेस्पा स्कूटर और दो सुजुकी एक्सेस स्कूटर जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य फरार आरोपियों और लूटे गए मोबाइल की तलाश जारी है। इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि कॉन्स्टेबल की भूमिका से जुड़े आरोपों की पुष्टि किन साक्ष्यों से होती है और आगे उसके खिलाफ क्या विभागीय कार्रवाई की जाती है।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!