


रतलाम। रतलाम (Ratlam) शहर में जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर एक नए विवाद का मामला सामने आया है। खिड़की दरवाजा निवासी रूपेशसिंह पंवार ने अपने स्वामित्व की भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने, विवाद करने और धमकियां देने के मामले में रतलाम के न्यूक्लॉथ मार्केट स्थित रूपवर्षा दुकान संचालक मणीलाल पिता शांतिलाल गांधी सहित पांच नामजद लोगों के खिलाफ एसपी अमित कुमार को लिखित शिकायत की है। खास बात यह है कि एसपी अमित कुमार के निर्देश के बावजूद रूपवर्षा दुकान संचालक मणीलाल गांधी अपने दादागिरी के साथ रसूख के दम पर जमीन पर अवैध कब्जा के लिए निर्माण जारी रखवाए हुए है।
पंजीकृत विक्रय विलेख से जमीन खरीदने का दावा
शिकायतकर्ता रूपेशसिंह पंवार ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि रतलाम तहसील में स्थित सर्वे क्रमांक 1083/3/14, रकबा 0.0520 हेक्टेयर की भूमि उन्होंने पूर्व भूमिस्वामी से 22 मई 2024 को रजिस्टर्ड विक्रय विलेख के माध्यम से खरीदी थी। उनका दावा है कि भूमि खरीदने के बाद नियमानुसार नामांतरण भी कराया गया और राजस्व रिकॉर्ड में उनके स्वामित्व को दर्शाते हुए नाम भी दर्ज है। उन्होंने बताया है कि भूमि खरीदने से पहले सीमांकन एवं बंटाकन की प्रक्रिया कराई गई थी। मौके पर भूमि की चतुर्सीमा बताने के बाद विक्रय विलेख का पंजीयन कराया गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपने खर्च से भूखंड पर टीन का शेड लगवाया और उस पर अपना नाम लिखवाया था।
दूसरे सर्वे नंबर की जमीन को लेकर विवाद का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित पक्ष सर्वे क्रमांक 1083/3/2 की भूमि पर अपना अधिकार बताते हैं, जबकि उनकी भूमि का सर्वे क्रमांक 1083/3/14 है। उन्होंने शिकायत में दोनों भूमियों की अलग-अलग चतुर्सीमा का उल्लेख करते हुए दावा किया है कि संबंधित पक्षों की भूमि उनकी जमीन से सटी हुई नहीं है। रूपेशसिंह पंवार के मुताबिक, सर्वे क्रमांक 1083/3/2 की भूमि का कुल रकबा 0.290 हेक्टेयर बताया गया है और उसमें अन्य 11 लोगों के नाम दर्ज हैं। इसके बावजूद न्यूक्लॉथ मार्केट स्थित रूपवर्षा दुकान संचालक मणीलाल पिता शांतिलाल गांधी सहित संयम गांधी, सकीना पति मुस्तफा बुटवाला, मुस्तफा बुटवाला और राकेश पिता कांतिलाल मेहता जबरन उनके आधिपत्य स्वामी की 5 हजार 593 वर्गफीट पर अवैध कब्जा कर निर्माण कर रहे हैं।
चौकी और थाने पर शिकायत को किया नजरअंदाज
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि इस मामले में पीड़ित ने 3 अक्टूबर 2026 को संबंधित कब्जेधारियों के खिलाफ सालाखेड़ी पुलिस चौकी प्रभारी सहित स्टेशन रोड थाना प्रभारी को एक लिखित शिकायत की थी। अभी तक शिकायत पर सुनवाई नहीं करने के अलावा अवैध कब्जेधारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने मामले की विस्तृत एक लिखित शिकायत एसपी अमित कुमार से की है। एसपी कुमार ने मामले में सम्बन्धित थाने की पुलिस को मौके पर भेजकर काम रूकवाया, लेकिन पुलिस के रवाना होने के बाद वापस से अवैध कब्जे को लेकर निर्माण शुरू कर दिया गया।
जमीन से बेदखल करने की धमकी का आरोप
रूपेशसिंह पंवार ने शिकायत में आरोप लगाया है कि संबंधित लोग लगातार विवाद कर रहे हैं और उन्हें भूमि से बेदखल करने की धमकी दे रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस की समझाइश के बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उनकी भूमि पर जबरन कब्जा किया जा सकता है अथवा उन्हें नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने संबंधित पक्षों के साथ-साथ भूमि के सौदे में मध्यस्थता करने वाले व्यक्तियों की भूमिका का भी उल्लेख किया है और मामले में उचित जांच कर अवैध कब्जेधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वो मेरे कंवर साहब का प्लाट है
मैं उक्त जमीन का निजी मालिक नहीं हूं, वह प्लॉट मेरे कंवर साहब का है। जांच में जब दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा जाएगा हम दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे और शिकायतकर्ता अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर दे, उसके बाद जांच में स्पष्ट हो जाएगा। – मणीलाल गांधी, रूपवर्षा दुकान संचालक (रतलाम)
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


