


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा (Bjp) द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही वाराणसी-वडनगर सेवा यात्रा रतलाम (Ratlam) पहुंची। उज्जैन और धार जिले से आईं यात्रा क्रमांक 5 और 9 का सालाखेड़ी से रतलाम में प्रवेश हुआ। दोनों यात्राओं का शहर के प्रमुख मार्गों पर मंच बनाकर पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद यात्राएं जोधाबाग पहुंचीं, जहां आयोजित सभा में पूर्व सैनिकों, स्वच्छता संरक्षकों और डिलीवरी बॉय का सम्मान किया गया।
140 सेवा यात्रियों ने तय किया सफर

भाजपा (Bjp) द्वारा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के संयोजन में निकाली जा रही दोनों यात्राओं में कुल 140 सेवा यात्री बाइक पर सवार होकर रतलाम (Ratlam) पहुंचे। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। जोधाबाग में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद तथा यात्रा प्रभारी संगीता यादव, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल सहित पार्टी के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
PM के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य
सभा को संबोधित करते हुए यात्रा प्रभारी संगीता यादव ने कहा कि सेवा यात्रा में शामिल पार्टी कार्यकर्ता पिछले 16 दिनों से लगातार यात्रा कर रहे हैं। वे अपने स्वास्थ्य की चिंता किए बिना प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यात्रा के सफल संयोजन के लिए भाजयुमो के कार्यकर्ताओं की सराहना की।
विकसित भारत 2047 के संकल्प में जनभागीदारी जरूरी : चेतन्य काश्यप
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद के वर्षों में जिन कार्यों को लेकर अपेक्षाएं थीं, उनमें से कई महत्वपूर्ण कार्य मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए हैं। विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से देश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा। काश्यप ने सेवा यात्रियों के समर्पण और मेहनत की भी सराहना की।
एक महीने तक सेवा कार्यों के जरिए चल रहा अभियान : प्रदीप उपाध्याय
Ratlam भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने सेवा यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जुड़ा रहा है। भाजपा उनके जन्मदिन के अवसर पर एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाकर विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से उनके कार्यों और विचारों को लोगों तक पहुंचा रही है।
जन्मभूमि और कर्मभूमि के बीच सेवा का संदेश लेकर निकली यात्रा
रतलाम (Ratlam) विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। वाराणसी और वडनगर के बीच निकाली जा रही सेवा यात्रा का उद्देश्य सेवा कार्यों और जनकल्याण के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि सेवा यात्री अपना घर छोड़कर यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री का संदेश लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने यात्रियों के समर्पण और प्रयासों की प्रशंसा की।
भाजपा और मोर्चा के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी, महामंत्री कृष्णा डिंडोर, पूर्व इंदौर ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज ठाकुर और भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी के स्वागत भाषण से हुई। संचालन राहुल रांका ने किया तथा आभार कृष्णा डिंडोर ने माना।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


