


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में लोक सेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रतलाम (Ratlam) विधानसभा क्षेत्र के मुखर्जी मंडल एवं अंबेडकर मंडल में कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
कार्यशालाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व और कार्यों के माध्यम से वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले के भारत और आज के समृद्ध एवं तेजी से विकसित हो रहे भारत के बीच स्पष्ट अंतर दिखाई देता है।
रतलाम में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर
मंत्री काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ देश को आगे ले जा रहे हैं। इस लक्ष्य की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने रतलाम में प्रस्तावित निवेश क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से आने वाले समय में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इन योजनाओं से रतलाम के विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुखर्जी मंडल की कार्यशाला में बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
मुखर्जी मंडल की कार्यशाला की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित ने की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष पवन सोमानी, जिला मंत्री अनुज शर्मा, सोशल मीडिया संयोजक तन्मय त्रिवेदी सहित मंडल महामंत्री विवेक शर्मा एवं भावना गुर्जर उपस्थित रहे।
अंबेडकर मंडल की कार्यशाला में नई मंडल टोली की घोषणा
अंबेडकर मंडल में आयोजित कार्यशाला में निलेश बाफना सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला महामंत्री ने मंडल की नई मंडल टोली की आधिकारिक घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन संदीप मौर्य ने किया। कार्यशालाओं में सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर भी चर्चा की गई।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


