


सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम उण्डेर में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बड़े पैमाने पर गांजे की खेती करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से करीब 7.3 क्विंटल गांजे के पौधे जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद अब पुलिस अवैध गांजे की खेती करने वाले संदिग्ध बसंत पिता भीमा मईड़ा, लालू पिता भीमा मईडा निवासी ऊण्डेर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
एसडीओपी लेखराज मीणा के नेतृत्व में सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया, सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश और बाजना थाना प्रभारी रवींद्र दंडोतिया की संयुक्त टीम ने ग्राम उण्डेर में दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में शासकीय भूमि पर बड़ी मात्रा में गांजे के पौधे उगाए गए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से लगाई गई गांजे की फसल जब्त कर ली।
पटवारी से कराई जा रही जमीन की जांच
पुलिस कार्रवाई के बाद अब संबंधित भूमि की वास्तविक स्थिति और स्वामित्व की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए राजस्व विभाग के माध्यम से पटवारी से जमीन का रिकॉर्ड और मौके की स्थिति की जांच कराई जा रही है। भूमि से संबंधित जानकारी मिलने के बाद पुलिस को अवैध खेती करने वाले संदिग्धों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एसडीओपी लेखराज मीणा ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम उण्डेर में कार्रवाई की गई। शासकीय भूमि पर अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी, जहां से करीब 7.3 क्विंटल गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। मामले में दो संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जमीन की जानकारी जुटाने के साथ ही प्रकरण में आगे की कार्रवाई जारी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


