


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। प्रॉपर्टी ब्रोकर से 4.75 करोड़ रुपए ठगने वाली रतलाम (Ratlam) की फर्जी महिला नारकोटिक्स टीआई सपना ठाकुर पेट्रोल पंप दिलाने और एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज में अटैच कराने के नाम पर भी धोखाधड़ी कर चुकी है। शातिर महिला नटवरलाल के पुराने कई आपराधिक प्रकरण दर्ज है। पुलिस को शंका है कि शातिर महिला ठग लोगो को ठगी से पहले हनीट्रेप के जाल में फंसाती है और ब्लैकमेल कर वह शातिराना अंदाज में ठगी की वारदात को अंजाम देती है। उसके जाल में फंसकर ठगी का शिकार होने वाले भले ही एक अलग कहानी सुनाकर एफआईआर दर्ज करवा रहे हो, लेकिन सभी मामलों में कहीं न कही अब पुलिस को पूरा मामला हनीट्रैप से जुड़ते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा इस बड़े ठगी के खेल में पर्दे के पीछे बैठे आरोपियों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
शातिर फर्जी महिला नारकोटिक्स टीआई सपना ठाकुर का आपराधिक रिकॉर्ड काफी पुराना है। प्रॉपर्टी ब्रोकर से 4.75 करोड़ रुपए ठगने वाली लेडी नटवरलाल सपना ठाकुर वर्ष – 2021 में संजू यादव उर्फ आयुषी सिंह के नाम से एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज में लगवाने का झांसा देकर 11 लाख 91 हजार रुपए की ठगी की थी। वहीं वर्ष -2024 में इसने पेट्रोल पंप दिलवाने के नाम पर 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी की थी। वह नाम बदलने में माहिर है और पिता का नाम भी बदल लेती है। एंबुलेंस वाले केस से बचने के लिए इसने दाहिने हाथ पर गुदे ऊं के टैटू को तितली की आकृति में बदलवा लिया था। पुलिस अब इस शातिर नटवरलाल सपना ठाकुर के नेटवर्क की तलाश में पुलिस जुट गई है। सोमवार को पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसका एक दिन का पुलिस रिमांड लिया है।
लेडी नटवरलाल की मौसी का हंगामा
फर्जी टीआई बनकर तेजा नगर निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर रूपेश चपरोट के साथ धोखाधड़ी करने की आरोपी सपना ठाकुर को सोमवार दोपहर 3.15 बजे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट परिसर में उसकी मौसी सुमन राठौर ने जब आरोप-प्रत्यारोप लगाने शुरू किए तो वहां भीड़ लग गई। शनिवार को प्रॉपर्टी ब्रोकर चपरोट ने सपना के खिलाफ माणकचौक थाने में केस दर्ज कराया था। पीड़ित ने बताया था कि हुंडी दलाल विजय लोढ़ा के खिलाफ मैंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सपना ने लोढ़ा के मकान-फ्लैट की कुर्की कराने और हाईकोर्ट में केस मजबूत करवाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया था।
दो बड़ी ठगी की वारदात रजिस्टर्ड
1) मई 2021 : आयुषी के नाम से 11.91 लाख की धोखाधड़ी- मंदसौर के धुंधड़का निवासी चंद्रपाल सिंह सिसौदिया ने रतलाम आईए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि संजू यादव उर्फ आयुषी सिंह पिता राजेंद्र यादव ने एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज में अनुबंध पर लगवाने का झांसा देकर 11 लाख 91 हजार रुपए ऐंठ लिए।
2) मार्च 2024 : पेट्रोल पंप के नाम पर की ठगी रतलाम निवासी शशांक नीलकंठ ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सपना ठाकुर उर्फ संजू यादव पिता मदनलाल यादव ने पेट्रोल पंप आवंटित कराने के नाम पर मेरे साथ 18 लाख रुपए की ठगी की है। इस मामले में उसे नोटिस जारी किया था, लेकिन वह नहीं पकड़ाई।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


