


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) के सांदीपनि विद्यालय विनोबा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराते हुए फिक्की समर्थित ‘राष्ट्रीय अराइज अवॉर्ड’ अपने नाम किया है। नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित फिक्की अराइज लर्निंग फेस्टिवल 2026 में विद्यालय को ‘टीचर्स प्रोफेशनल डेवलपमेंट’ श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने विद्यालय के दल को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।
मंत्री काश्यप ने कहा कि शिक्षकों के माध्यम से विद्यालय में उद्यमिता और कौशल का वातावरण तैयार करने के सांदीपनि विद्यालयों के प्रयास सराहनीय हैं। सांदीपनि विद्यालय विनोबा ने अपने निरंतर शिक्षक उन्मुखीकरण कार्यक्रमों के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। इस दौरान मंत्री काश्यप ने विद्यालय के उप प्राचार्य गजेन्द्र सिंह राठौर से विद्यालय में किए जा रहे नवाचारों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। बातचीत में रोबोटिक्स, अटल इनोवेशन लैब और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए संचालित किए जाने वाले कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
‘साइकल ऑफ ग्रोथ’ मॉडल ने दिलाया राष्ट्रीय सम्मान
उल्लेखनीय है कि रतलाम (Ratlam) के सांदीपनि विद्यालय विनोबा ने देश के 700 विद्यालयों के बीच आयोजित फिक्की समर्थित राष्ट्रीय अराइज अवॉर्ड प्रतियोगिता में तीन चरणों में भाग लिया। विद्यालय ने अपने ‘साइकल ऑफ ग्रोथ’ मॉडल का प्रभावी प्रस्तुतिकरण करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि विद्यालय के शिक्षक विकास कार्यक्रमों और नवाचार आधारित शैक्षणिक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखी जा रही है।
स्कूल परिवार ने किया मंत्री का अभिनंदन
इससे पूर्व स्कूल की प्राचार्य संध्या वोरा, उप प्राचार्य गजेन्द्र सिंह राठौर, प्रधानाध्यापक सीमा चौहान और स्कूल स्टाफ ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप का अभिनंदन किया। मंत्री ने विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में प्रयास जारी रखने की बात कही।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


