


भोपाल, वंदेमातरम् न्यूज। युवाओं में प्रशासनिक समझ, नेतृत्व क्षमता, संचार दक्षता, विश्लेषणात्मक सोच और तकनीकी कौशल विकसित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान द्वारा संचालित इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जिले के प्रत्येक विकासखंड में 15 इंटर्न्स का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को एक वर्ष तक इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा।
18 से 29 वर्ष के युवा होंगे पात्र
इस इंटर्नशिप के लिए मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के स्थानीय निवासी युवा आवेदन कर सकते हैं। आवेदक का उस जिले का मूल निवासी होना अनिवार्य है, जहां से वह आवेदन कर रहा है। इसके साथ ही आवेदक ने भारत में विधि द्वारा स्थापित किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से शैक्षणिक सत्र 2022-23, 2023-24 अथवा 2024-25 में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक या स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की हो। आवेदन के लिए आयु सीमा 18 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है।
एमपी ई-सेवा पोर्टल से करना होगा आवेदन
पात्र अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए एमपी ई-सेवा पोर्टल [https://eseva.mp.gov.in/cms/](https://eseva.mp.gov.in/cms/) पर जाकर सर्च बॉक्स में मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम टाइप करना होगा। संबंधित विकल्प पर जाकर आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
एक वर्ष की रहेगी इंटर्नशिप अवधि
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सुशासन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ प्रदान करने के साथ उनके व्यक्तित्व एवं व्यावसायिक क्षमताओं का विकास करना है। इंटर्नशिप की अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है। कार्यक्रम से संबंधित सूचना सेडमैप की वेबसाइट cedmapindia.mp.gov.in/jobs पर भी उपलब्ध है।
केवल पोर्टल से किए गए आवेदन होंगे मान्य
सेडमैप के जिला समन्वयक ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन करें। अन्य माध्यमों से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


