


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिला मुख्यालय स्थित स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की सालाखेड़ी चौकी पुलिस ने सनावदा रोड स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में एक मकान पर दबिश देकर जुआ खेल रहे नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 68 हजार 900 रुपये नकद और ताश पत्ते बरामद किए हैं। खास बात यह है कि पकड़े गए आरोपियों में कांग्रेस नेता आशीष डेनियल के दो बेटे भी शामिल हैं। इसके अलावा जिस मकान में बड़े पैमाने पर लंबे समय से जुआ का अड्डा संचालित हो रहा था, वह भी कांग्रेस नेता डेनियल का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बीती देर रात सूचना मिली थी कि ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित एक मकान में कुछ जुआरी ताश के पत्तों पर रुपये की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर सालाखेड़ी चौकी की टीम ने दबिश दी। पुलिस को मौके पर कई आरोपी ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाते मिले। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 68 हजार 900 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा मौके से ताश पत्ते भी जब्त किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
दबिश में यह जुआरी हुए गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान आरोपी रितीक पिता रामचन्द चावण निवासी जवाहर नगर, बेटू मईडा पिता आशीष मईडा उर्फ आशीष डेनियल, नंदू मईडा पिता आशीष मईडा उर्फ आशीष डेनियल दोनों निवासी आमलिया भेरू क्षेत्र (काटजू नगर), पीयुष सिंह पिता दिलीप सिंह निवासी अलकापुरी, अरूण जैन पिता हरदयाल जैन निवासी कस्तुरबा नगर, पवन पिता रमेशचन्द्र निवासी पारस नगर, आकाश पिता रमेश बोरासी निवासी शिवनगर, यूसुफ मोहम्मद पिता नूर मोहम्मद निवासी विनोबा नगर, जय पिता विजय वर्मा निवासी कसेरा बाजार ( सभी रतलाम निवासी) को गिरफ्तार किया है।
जुआघर किसके मकान में था संचालित ?
पुलिस के मुताबिक, जिस मकान में कार्रवाई की गई, वह आशीष डेनियल से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि मकान के स्वामित्व और वहां जुआ संचालित होने में आशीष डेनियल की प्रत्यक्ष भूमिका को लेकर अभी पुलिस ने कोई खुलासा नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार जिस मकान में जुआघर संचालित हो रहा था, वह विवादित है। इसके अलावा उस मकान में लंबे समय से रोज महफ़िल सजती थी और बड़े पैमाने पर ताश के पत्ते फेंटकर हार जीत की जाती थी।
पेशी के दौरान चेहरा ढंकते नजर आए आरोपी
कार्रवाई के बाद जब आरोपियों को स्टेशन रोड थाने से कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था, तब कुछ आरोपी अपना चेहरा ढंकते हुए नजर आए। पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पहले भी विवादों में रहा आशीष डेनियल
कांग्रेस नेता आशीष डेनियल का नाम इससे पहले एक युवती की शिकायत से जुड़े मामले में भी सामने आ चुका है। युवती ने आरोप लगाया था कि वह डेनियल के कार्यालय में काम करती थी और इस दौरान उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें की गईं थी तथा उसे डराया-धमकाया गया। शिकायत के बाद अजाक थाना पुलिस ने मामले की जांच की थी। पुलिस के अनुसार, जांच के बाद आशीष डेनियल और उनके एक साथी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस कार्रवाई के बाद डेनियल के लंबे समय तक फरार रहने की बात भी सामने आई थी। बता दें कि आशीष डेनियल पूर्व में कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं और कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। उनके राजनीतिक क्षेत्र में कई कांग्रेस नेताओं से संबंध होने की बात भी स्थानीय स्तर पर कही जाती रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


