


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे (Delhi-Mumbai Expressway) पर रात का सफर वाहन चालकों के लिए चिंता का कारण बनता जा रहा है। थांदला-रावटी के बीच एक बार फिर चलती कारों पर पथराव की घटना सामने आई है। इस बार एक साथ चार कारों को निशाना बनाया गया। इनमें रतलाम भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोनू यादव की कार भी शामिल है। घटना के समय यादव कार में मौजूद नहीं थे, उनके दोस्त दाहोद से कार लेकर लौट रहे थे। पथराव से कार का साइड ग्लास टूट गया। घटना में दो अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 11 बजे थांदला से लगभग 10 किलोमीटर आगे यादव की कार पर अचानक पत्थर आकर लगा। इससे कार का साइड ग्लास टूट गया। कार में सवार दोस्तों ने घटना की जानकारी यादव को फोन पर दी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। कार में सवार किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
तीन अन्य कारें भी बनीं निशाना
इसी दौरान तीन अन्य कारों पर भी पथराव किए जाने की जानकारी सामने आई है। किसी वाहन का अगला कांच टूट गया तो किसी की बॉडी पर पत्थर लगा। पथराव के बाद वाहन चालकों ने मौके पर रुकने के बजाय सीधे धामनोद टोल नाके पर पहुंचकर गाड़ियां रोकीं। दो लोगों ने पथराव के दौरान चोट लगने की जानकारी दी है।
10 दिन पहले भी कार पर लगा था पत्थर
एक्सप्रेस-वे (Delhi-Mumbai Expressway) पर इस माह पथराव की यह दूसरी बड़ी घटना है। 7 सितंबर की रात भी पौने 11 बजे थांदला से लगभग 15 किलोमीटर आगे एक कार पर पथराव हुआ था। एक बड़ा पत्थर कार के आगे के कांच पर, ड्राइवर की दूसरी तरफ आकर लगा था। उस समय परिवार कार में मौजूद था। उस समय भी आशंका जताई गई थी कि यदि पत्थर लगने से चालक का नियंत्रण बिगड़ जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
लगातार घटनाओं से यात्रियों में बढ़ी चिंता
महज 10 दिन के भीतर एक्सप्रेस-वे Delhi-Mumbai Expressway) पर चलती कारों पर पथराव की दो घटनाएं सामने आने से रात में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों में चिंता बढ़ गई है। एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा व्यवस्था और ऐसे मामलों की रोकथाम को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा को लेकर ड्रोन से निगरानी के रतलाम पुलिस के दावे हवा हो गए हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


