Ratlam : परीक्षा में पर्ची मिलने के बाद 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, एकलव्य स्कूल के हॉस्टल में हड़कंप

- परीक्षा के दौरान कॉपी लिए जाने के बाद तनाव में थी छात्रा, पुलिस ने शुरू की जांच

Advertisements
Advertisements
Female student dies in Ratlam

सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के सैलाना तहसील अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रा हॉस्टल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 12वीं की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और हॉस्टल में मौजूद विद्यार्थियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार कक्षा 12वीं आर्ट्स की छात्रा वर्षा पिता टीकाराम सोलंकी, निवासी मेवाड़ पंथ, जिला देवास, मंगलवार को परीक्षा दे रही थी। परीक्षा के दौरान उसके पास से नकल की पर्ची मिलने की बात सामने आई। ड्यूटी पर तैनात शिक्षिका ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी, जिसके बाद छात्रा की कॉपी ले ली गई थी।

बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान हुई इस कार्रवाई के बाद छात्रा तनाव में थी। हालांकि, उसकी मौत के पीछे परीक्षा में पर्ची मिलने की घटना ही कारण थी या कोई अन्य वजह, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रा की रूममेट लक्षिता और प्रतिभा कमरे में पहुंचीं। वहां उन्होंने वर्षा को गंभीर अवस्था में देखा। दोनों ने तत्काल हॉस्टल वार्डन को इसकी सूचना दी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्कूल पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन, हॉस्टल से जुड़े कर्मचारियों और छात्राओं से घटनाक्रम की जानकारी जुटाई है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

पढ़ाई को लेकर दबाव की बात भी सामने आई

विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र गंगवाल के अनुसार छात्रा पर पढ़ाई को लेकर दबाव था। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान छात्रा के पास पर्ची मिलने की जानकारी ड्यूटी पर तैनात शिक्षिका ने दी थी। छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस जांच के बाद तस्वीर होगी साफ

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और क्या परीक्षा से जुड़ी घटना का उसकी मानसिक स्थिति पर कोई प्रभाव पड़ा था। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!