


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के रावटी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां 13 दिनों से लापता एक युवक का क्षत-विक्षत शव और उसके पास एक किशोरी का कंकाल बरामद हुआ है। घटनास्थल से सल्फास की एक डिब्बी भी मिली है, जिससे दोनों की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक की पहचान सेमलखेड़ी निवासी 20 वर्षीय सुखराम पिता रमेश गणावा के रूप में हुई है। वहीं, पास में मिले कंकाल की पहचान अभी नहीं हो सकी है। कंकाल के समीप युवती के कपड़े और लुगड़ा मिलने से पुलिस को आशंका है कि यह किसी युवती या किशोरी का शव हो सकता है।
खेत में घास काटने गई महिला को आई दुर्गंध
जानकारी के अनुसार, सेमलखेड़ी निवासी कुसुम पति शंकर गणावा रविवार शाम खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। आसपास देखने पर उन्हें संदिग्ध स्थिति दिखाई दी, जिसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर रावटी थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। बताया गया कि शाम करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली, लेकिन बारिश और पानी के कारण पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। पुलिस रात करीब 8 बजे मौके पर पहुंची।
युवक का शव क्षत-विक्षत पास में मिला कंकाल
मौके पर पुलिस को युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में मिला। उसके कुछ दूरी पर एक कंकाल भी पड़ा हुआ था। कंकाल के पास युवती के कपड़े और अन्य सामान मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि जंगली या अन्य जानवरों ने शव को नुकसान पहुंचाया होगा। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान उसके कपड़ों के आधार पर सुखराम गणावा के रूप में की।
1 सितंबर से लापता थे युवक और किशोरी
Ratlam पुलिस के अनुसार, मृतक सुखराम और समीपवर्ती गांव की एक नाबालिग किशोरी 1 सितंबर 2026 से लापता थे। युवती के परिजनों ने उसी दिन रावटी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराते समय सुखराम पर किशोरी को अपने साथ ले जाने का संदेह जताया था। दोनों के एक ही दिन से लापता होने के कारण पुलिस को आशंका है कि घटनास्थल पर मिला कंकाल उसी नाबालिग किशोरी का हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
सल्फास की डिब्बी मिलने से जांच का दायरा बढ़ा
घटनास्थल से सल्फास की एक डिब्बी भी बरामद हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि डिब्बी का दोनों की मौत से कोई संबंध है या नहीं। मौत का कारण पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
डीएनए जांच से होगी कंकाल की पहचान
युवती के रूप में मिले कंकाल की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों को बुलाकर पूछताछ करेगी और जरूरत पड़ने पर डीएनए जांच सहित अन्य वैज्ञानिक परीक्षण कराए जाएंगे। इन्हीं जांचों के आधार पर कंकाल की वास्तविक पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।
पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच के बाद खुलेगा राज
पुलिस ने रविवार शाम युवक के शव और कंकाल को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल सहित पुलिस अधिकारियों की टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाएगी। रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गडरिया ने बताया कि युवक का शव और एक किशोरी का कंकाल पास-पास मिला है। युवक की पहचान हो चुकी है, जबकि कंकाल की पहचान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि लापता नाबालिग युवती के परिजनों ने पहले मृतक युवक पर संदेह जताया था।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


