


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नयाखेड़ा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह महिला का शव उसके घर के आंगन में खाट के नीचे खून से लथपथ मिला। मृतका के कान और सिर पर धारदार हथियार से गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।
मृतका की पहचान देवीबाई डामोर (37) पति रायसिंह डामोर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। दो दिन पहले मृतका का रिश्तेदार गुड्डू डामोर के साथ विवाद हुआ था। इसी आधार पर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
अंतिम संस्कार के दौरान हंगामा, पथराव से तनाव
देवीबाई के अंतिम संस्कार के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतका के मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और इस दौरान विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि मृतका के पति के रिश्तेदार पर मायके पक्ष के लोगों ने पथराव किया। पथराव की घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
खेत जाने निकले किसान ने देखा शव
शिवगढ़ से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित नयाखेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव निवासी अन्नूसिंह डामोर खेत जाने के लिए घर से निकला। रास्ते में देवीबाई के घर के सामने से गुजरते समय उसकी नजर आंगन में खून से लथपथ पड़े शव पर पड़ी। अन्नूसिंह के अनुसार, देवीबाई प्रतिदिन आंगन में खाट पर ही सोती थी। शुक्रवार सुबह वह खाट के नीचे खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। पास जाकर देखने पर उसके कान और सिर पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान दिखाई दिए। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद अन्नूसिंह ने गांव में रहने वाले मृतका के देवर भूरालाल को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तत्काल शिवगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना प्रभारी रणजीत मकवाना और एसआई प्रताप भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एएसपी राकेश पंद्रो और एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस हत्या के हर पहलू की जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
बेटियों से मिलने सैलाना गए थे, वहीं हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका देवीबाई और उसके रिश्तेदार गुड्डू डामोर की बेटियां सैलाना में पढ़ाई करती हैं। दो दिन पहले दोनों अपनी-अपनी बेटियों से मिलने के लिए साथ में सैलाना गए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के आधार पर पुलिस गुड्डू डामोर से पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के मामले में किसी की गिरफ्तारी या आरोपी होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पिता के बाद अब बच्चों के सिर से उठा मां का साया
देवीबाई के पति रायसिंह डामोर की करीब 12 वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी। पति की मौत के बाद देवीबाई अकेले ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थी और गांव में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थी। अब मां की हत्या के बाद उसके दोनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। देवीबाई का बेटा गोलू (16) रतलाम में हॉस्टल में रहकर 11वीं की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी काजल (15) सैलाना के हॉस्टल में रहकर शासकीय स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है। देवीबाई का मायका सरवन क्षेत्र के समीप सेमलखेड़ा में है। उसके तीन देवर सुखराम, भूरालाल और दिनेश बताए गए हैं। पति की मौत के बाद वह अपने घर में अकेली रहती थी।
मृतका के घर से महज 100 मीटर दूर रहता है गुड्डू
पुलिस जिस गुड्डू डामोर से पूछताछ कर रही है, उसका मकान मृतका के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। रिश्ते में गुड्डू, देवीबाई के काका ससुर का बेटा बताया जा रहा है। गुड्डू की बेटी भी सैलाना में पढ़ती है, जबकि उसका बेटा रतलाम में अध्ययनरत है। पुलिस दोनों के बीच हुए विवाद और अन्य संभावित कारणों की गहनता से जांच कर रही है।
गुड्डू ने एक साल पहले की थी दूसरी शादी
जानकारी के अनुसार गुड्डू का पहला विवाह रावटी क्षेत्र में हुआ था, जिससे उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। बाद में पहली पत्नी के चले जाने के बाद उसने करीब एक वर्ष पहले सरवन क्षेत्र के ताराघाटी निवासी एक युवती से दूसरा विवाह किया था। वर्तमान में उसकी दूसरी पत्नी भी उसके साथ नयाखेड़ा गांव में रह रही है। पुलिस गुड्डू और उससे जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की हत्या ने पूरे नयाखेड़ा गांव को दहला दिया है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि देवीबाई की हत्या किसने और किन कारणों से की। दो दिन पहले हुए विवाद को जांच का अहम बिंदु माना जा रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को भी नजरअंदाज नहीं कर रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


