


Ratlam, Vandematram News. रतलाम (Ratlam) में रविवार रात चोरों ने औद्योगिक थाना क्षेत्र के बिरियाखेड़ी में तीन सूने मकानों को निशाना बनाया। चोर सोने-चांदी के जेवरात और लाखों रुपए की नगदी लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान दो चोर क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों में कैद हुए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। चोरी अनवर हुसैन, नोसेर खान और इमरान रंगरेज के मकान में हुई। इमरान रंगरेज इलाज के लिए बड़ौदा गए हुए थे। उनके घर से कितना सामान चोरी हुआ, यह उनके रतलाम लौटने के बाद पता चलेगा।
बेटे के इलाज के दौरान घर में चोरी
अनवर हुसैन का 20 वर्षीय बेटा बीमार है। इसी वजह से वह परिवार के साथ रात में जिला अस्पताल गए थे। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे। सुबह पड़ोसी ने ताला टूटा देखा तो उन्हें सूचना दी। घर पहुंचने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। चोर अलमारी का ताला तोड़कर 6 जोड़ी चांदी की पायल, सोने के 6 मोती, 200 ग्राम का चांदी का ब्रेसलेट, 150 ग्राम की चांदी की चेन, 3 ग्राम के सोने के पत्ते वाला मंगलसूत्र, चेन-लॉकेट, चांदी की 6 अंगूठियां, चांदी के 5 छल्ले, सोने की 2 लौंग और 2 ग्राम की 4 सोने की अंगूठियां ले गए। इसके अलावा घर में रखे डेढ़ लाख रुपए भी चोरी हो गए। अनवर हुसैन लोडिंग वाहन चलाते हैं। उन्होंने बताया कि 6 महीने बाद बेटी की शादी है। शादी की तैयारी के लिए रकम घर में रखी थी।
नानाजी की मौत पर गांव गए थे
नोसेर खान के नानाजी का निधन हुआ था। इसलिए वह परिवार के साथ पिछले तीन दिन से जावरा के पास डोडियाना गांव गए थे। सुबह पड़ोसी ने घर के ताले टूटे होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर सामान बिखरा मिला। चोर सोने की 2 अंगूठी, करीब 1300 ग्राम वजन की चांदी की 8 जोड़ी पायल, 12 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र पेंडिल सहित, चांदी की 6 अंगूठी, बच्चों के 4 जोड़ी कंगन, बच्चे की चेन, कान के 2 जोड़ी टॉप्स, नाक की 2 जोड़ी लौंग और चांदी की 2 जोड़ी बिछिया ले गए। इसके साथ ही घर में रखे 1.80 लाख रुपए भी चोरी हो गए। नोसेर खान भी लोडिंग वाहन चलाते हैं।
बड़ौदा से लौटने पर इमरान के घर की चोरी का पता चलेगा
इमरान रंगरेज इलाज के लिए बड़ौदा गए हुए थे। चोरी की जानकारी मिलने के बाद वह बड़ौदा से रतलाम के लिए रवाना हो गए हैं। उनके लौटने के बाद ही पता चलेगा कि घर से कितना सामान चोरी हुआ है।
CCTV में पत्थर फेंकते दिखा एक चोर
क्षेत्र के CCTV फुटेज में चड्ढी-टीशर्ट पहने दो चोर दिखाई दे रहे हैं। एक जगह एक चोर CCTV कैमरे को देखकर पत्थर उठाकर उसकी तरफ फेंकता भी नजर आ रहा है। सूचना मिलने पर Ratlam औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


