


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। जन चेतना परिषद, रतलाम (Ratlam) के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय एमएल दुबे के देवलोकगमन पर विद्यालय परिसर में शोकसभा आयोजित की गई। सभा में संस्था के सदस्यों, पदाधिकारियों, संरक्षकों, दानदाताओं, आजीवन सदस्यों, पालकों, विद्यालय के शिक्षकगणों, स्टाफ और दिव्यांग बच्चों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बता दें कि स्वर्गीय दुबे का 21 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया था। उनके निधन से संस्था परिवार में शोक की लहर है। शोकसभा में उपस्थित सभी लोगों ने उन्हें अश्रुपूरित नेत्रों से श्रद्धांजलि देते हुए उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों और दिव्यांग बच्चों की शिक्षा एवं सेवा के लिए किए गए प्रयासों को याद किया। सभा में वक्ताओं एवं उपस्थित सदस्यों ने स्वर्गीय दुबे द्वारा स्थापित सेवा और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि दुबे साहब ने दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, प्रशिक्षण और उनके बेहतर भविष्य के लिए जो व्यवस्था विकसित की, उसे सुचारू रूप से संचालित रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर संस्था के विद्यालय, छात्रावास, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, फिजियोथैरेपी सेंटर और कंप्यूटर शिक्षा केंद्र सहित विभिन्न सेवाओं का संचालन निरंतर जारी रखने तथा इन व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने की प्रतिज्ञा ली गई। उपस्थित सभी लोगों ने उनके सपनों को साकार करने और दिव्यांग बच्चों के जीवन में शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सम्मान के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया। शोकसभा में दिनेश सियाल, ओमप्रकाश मिश्र, मुकेश जैन, विक्रम कोठारी, अशोक चाष्टा, आदर्श दुबे, गोपाल सोनी,अय्यूब खान, डॉ. राम पंवार सहित संस्था के सदस्य उपस्थित रहे। संस्था के प्रधानाध्यापक सतीश तिवारी के साथ विद्यालय का समस्त स्टाफ और दिव्यांग बच्चे भी सभा में शामिल हुए।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


