– रात्रि विश्राम सरवन में कर 7 मार्च की सुबह यात्रा होगी राजस्थान रवाना
चेतन्य मालवीय
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 6 मार्च को रतलाम जिले में प्रवेश कर रही है। खास बात यह है कि जिस स्थान से 45 वर्ष पहले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सभा संबोधित की थी उसी स्थान पर उनके पौते राहुल गांधी बुधवार को न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओ को संबोधित करेंगे।
पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि 6 मार्च को सैलाना में प्रवेश करने वाली राहुल गांधी की यात्रा को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी है। वे दोपहर 3 बजे सैलाना नगर में प्रवेश करेंगे। संयोग ही है कि उस मर्तबा पूर्व प्रधानमंत्री गांधी राजस्थान के बांसवाड़ा में एक सभा संबोधित कर सैलाना होकर गुजर रही थी तो इधर उनके पौते भी न्याय यात्रा लेकर मध्यप्रदेश से गुजरते हुए राजस्थान में प्रवेश करेंगे। न्याय यात्रा मोती बंगला स्थित पूर्व मंत्री एंव विधायक प्रभुदयाल गेहलोत की आदमकद प्रतिमा पर पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी माल्यार्पण कर यात्रा शुरू करेंगे। मुख्य बाजार से गुजरने वाली इस यात्रा का करीब 21 क्विंटल फूलो से स्वागत किया जाएगा। पैलेस चौराहे पर राहुल गांधी की सभा होगी जिसमें सैलाना विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल होंगे। सभा के पश्चात राहुल गांधी सरवन की और रवाना होने जहा वे रात्रि विश्राम करेंगे। रात्रि विश्राम पूर्व ग्राम बेड़दा में राहुल गांधी को दाल पानिए का सवादिष्ठ भोजन भी परोसा जाएगा।