– वंदेमातरम् न्यूज ने तेजी से फैलते अतिक्रमण पर दुर्घटना को लेकर जिम्मेदारों को किया था आगाह
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम के डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर बड़े स्तर अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को कार्रवाई हुई। वंदेमातरम् न्यूज ने कॉलेज के बाहर तेजी से हो रहे अतिक्रमण को लेकर समाचार प्रकाशित किया था। समाचार प्रकाशन के बाद प्रशासन हरकत में आया और संयुक्त टीम ने मंगलवार को अतिक्रमण मुहिम शुरू की। जेसीबी के साथ प्रशासन के संयुक्त अमले को देख अतिक्रमणकर्ताओ में हड़कंप भी नजर आया।
बता दें मेडिकल कॉलेज प्रशासन की लिखित शिकायत पर फरवरी-2024 में जिला प्रशासन ने सख्ती से अतिक्रमण हटवाया था। इसके बाद पिछले कुछ समय से दोगुना स्तर पर उक्त क्षेत्र में गुमटियों के अलावा पक्का अतिक्रमण पैर पसारने लगा था। ग्राम बंजली स्थित डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज के बाहर पिछले कई दिनों से सडक़ किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाई जा रही थी। कुछ ने छोटी तो कुछ ने बड़ी-बड़ी गुमटियां तक रख ली थी। इस अतिक्रमण के पीछे कुछ ग्राम पंचायत के नेताओं का हाथ भी बताया जा रहा था। मेडिकल कॉलेज बंजली ग्राम पंचायत में आता है। इस क्षेत्र में ग्राम पंचायत की मिलीभगत के कारण क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण पैर पसार रहा था। वंदेमातरम् न्यूज ने अतिक्रमण से किसी भी दिन कोई बड़ी दुर्घटना के अंदेशा को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया। समाचार प्रकाशन के बाद जिला, निगम और यातायात विभाग के संयुक्त टीम ने अतिक्रमण को नेस्तानाबूद कर हिदायत दी की अबकी बार किसी के द्वारा उक्त क्षेत्र में अतिक्रमण किया तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कौन अतिक्रमणकर्ता को दे रहे सरंक्षण
मेडिकल कॉलेज के बाहर आए दिन अतिक्रमण करने वालों को स्थानीय ग्राम पंचायत के कुछ नेताओं के अलावा कॉलेज परिसर में स्थापित पुलिस चौकी और कॉलेज स्टॉफ की मिलीभगत सामने आ रही है। बार-बार अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के बाद फिर से अतिक्रमण करना अब कई सवाल खड़े कर रहा है। डीन डॉक्टर अनिता मूथा ने वंदेमातरम् न्यूज से चर्चा में बताया कि कॉलेज प्रशासन अतिक्रमण को शह देने वालों की जानकारी जुटा रहा है। कॉलेज प्रशासन की अंतिम चेतावनी है कि वह अतिक्रमण को बढ़ावा न दें, नहीं तो दोषियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


