

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) शहर के वार्ड क्रमांक 25 में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भव्य दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में वार्ड की स्वच्छता, सुंदरता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विभिन्न विभागों के कर्मयोगियों का स्वागत, वंदन एवं सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।



कार्यक्रम में स्वच्छता प्रहरी, जलप्रदाय विभाग के कर्मचारी, उद्यान विभाग के कर्मयोगी, मैजिक हेल्पर, मैजिक वाहन चालक तथा लोक निर्माण विभाग में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों का विशेष रूप से सम्मान किया गया। सभी कर्मयोगियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए वार्ड के विकास और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में उनके समर्पण एवं मेहनत की सराहना की गई।

दिन-रात सेवा देने वाले कर्मयोगियों का किया अभिनंदन
समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, क्षेत्रीय पार्षद आयुषी जलज सांकला, वार्ड संयोजक मनोज चोपड़ा, जोन प्रभारी पर्वत हाड़े, निर्मल हाड़े, दरोगा अजय परमार, जलप्रदाय विभाग से मोहन, उद्यान विभाग से मनोज एवं लोक निर्माण विभाग से पप्पू सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी का आत्मीय स्वागत कर उनके सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कर्मयोगियों के परिश्रम से ही स्वच्छ और सुंदर बनता है वार्ड : पार्षद
इस अवसर पर पार्षद आयुषी जलज सांकला ने कहा कि वार्ड की स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर व्यवस्थाओं के पीछे इन कर्मयोगियों का अथक परिश्रम और समर्पण है। ये साथी सुबह से लेकर देर रात तक पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। इनके परिश्रम के कारण ही नागरिकों को स्वच्छ वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल पाती हैं तथा हम सभी अपने त्योहार हर्षोल्लास और शांति के साथ मना पाते हैं। इनका योगदान वास्तव में सराहनीय और सम्माननीय है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



