– अभी तक 1 लाख 70 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के कर चुके दर्शन
उज्जैन, वंदेमातरम् न्यूज। आज सावन का तीसरा सोमवार है। उज्जैन में राजाधिराज महाकाल की सवारी के पहले वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। महाकाल लोक के पास शक्ति पथ पर 1500 लोगों ने एक साथ 10 मिनट तक डमरू बजाया। उज्जैन का नाम सबसे अधिक लोगों के डमरू बजाने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया। गिनीज बुक से आए ऋषिनाथ ने वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक सतीश मालवीय और संतों को सौंपा। शाम 4 बजे राजाधिराज महाकाल प्रजा का हाल जानने निकलेंगे। सवारी में महाकाल चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर, तो हाथी पर मनमहेश के स्वरूप में विराजित होंगे। राजाधिराज के नगर भ्रमण को लेकर अभी से जगह-जगह पर सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी गई है। इसके अलावा अधिकारी राजाधिराज के नगर भ्रमण के रूट पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसके लिए नजरें बनाए हुए हैं।

भस्म आरती में 15 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
महाकाल मंदिर में दोपहर 1 बजे तक 1 लाख 70 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बता दें कि बाबा महाकाल के दर्शन के लिए रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दर्शन को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन अलर्ट है। महाकाल की भस्म आरती के लिए रविवार-सोमवार की दरमियानी रात 2.30 बजे मंदिर के पट खोले गए थे। भस्म आरती के दौरान भांग, चंदन, सूखे मेवों और आभूषणों से बाबा महाकाल का राजा स्वरूप दिव्य श्रृंगार किया गया। भस्म आरती के 15 हजार से अधिक श्रद्धालु ने दर्शन किए। मंदिर में बाबा के दर्शन का सिलसिला रात 10.30 बजे तक चलेगा। मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि साढ़े 3 लाख से ज्यादा भक्त आज महाकाल के दर्शन करने आ सकते हैं।