– 16 दिसंबर के बाद भोपाल से होगी अंतिम नामों की घोषणा
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व में शहर विधानसभा के मंडलो की रायशुमारी के साथ मंडलों की चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने सैलाना, आलोट और रतलाम शहर विधानसभा के मंडलों में नेतृत्व चयन के लिए अपेक्षित कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने सर्व सम्मति से मंडल अध्यक्ष चुनने का आह्वान किया।

डॉ. सोलंकी ने पहले कार्यकर्ताओं से सामूहिक संवाद कर चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। बाद में कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत चर्चा कर मंडल अध्यक्ष हेतु नामों पर रायशुमारी की। बैठक का शुभारंभ भारत माता एवं पार्टी के पितृपुरूषों डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बजरंग पुरोहित, महेश सोनी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय एवं महामंत्री निर्मल कटारिया मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष उपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने जिले में सदस्यता अभियान एवं सक्रिय सदस्यों की जानकारी दी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला भाजपा प्रभारी प्रदीप पांडेय, शहर विधानसभा में पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मौर्य, अशोक पोरवाल, निमिष व्यास, सैलाना विधानसभा में पूर्व विधायक, जिला महामंत्री संगीता चारेल, जनपद अध्यक्ष कैलाशी बाई चारेल, आलोट विधानसभा में विधायक डॉ चिंतामणि मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चंद्रवंशी सहित पार्टी के अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

16 दिसंबर के बाद भोपाल से होगी घोषणा
रतलाम शहर के 5 मंडलों का अध्यक्ष चुनने के लिए रविवार को रायशुमारी हुई। यूं तो प्रक्रिया सामान्य तरीके से चली लेकिन बताया जा रहा है दीनदयाल और आंबेडकर मंडल को लेकर जबरदस्त अंदरूनी खींचतान होती रही। जिन 3 मंडलों में बदलाव होने की संभावना है, उनमें पहला आंबेडकर मंडल है। इसके वर्तमान अध्यक्ष विनोद यादव हैं, जिनकी उम्र पार्टी गाइड लाइन से ज्यादा हो गई है। ऐसे में अच्छा काम करने के बावजूद यादव की जगह दूसरे कार्यकर्ता को पार्टी आगे बढ़ा सकती है। इसमें सोना शर्मा का नाम सबसे ऊपर है। दूसरा दीनदयाल मंडल है, इसके अध्यक्ष कृष्णा सोनी की कार्यशैली से पार्टी संतुष्ट नहीं है। ऐसे में सक्रिय सदस्य नंदकिशोर पंवार को जिम्मेदारी देने की तैयारी है। तीसरा मंडल कुशाभाऊ ठाकरे है । फिलहाल पैनल तैयार कर भोपाल भेजे हैं। नाम की फाइनल घोषणा 16 दिसंबर के बाद राजधानी से ही होगी। बाकी दो में वर्तमान अध्यक्ष को दोबारा मौका मिल सकता है। कारण भी दमदार बताए जा रहे हैं। सूरजमल जैन और मुखर्जी मंडल के अध्यक्षों का परफार्मेस पार्टी मापदंडों के अनुसार बेहतर है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


